
फिलाडेल्फिया: अमेरिका (America) में भारतीयों पर हमले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं. ताजा मामला पेंसिल्वेनिया राज्य के फिलाडेल्फिया (Philadelphia) से सामने आया है, जहां पिज्जा डिलीवरी (Pizza Delivery) करने गए एक भारतीय की गोली मारकर हत्या कर दी गई है. स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार यह घटना शुक्रवार की आधी रात को उत्तरी फिलाडेल्फिया से सामने आई है.
सूत्रों के अनुसार, कुछ लोगों ने पिज्जा ऑर्डर किया और फिर डिलीवरी करने वाले व्यक्ति के सिर में गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई. पीड़ित 28 वर्षीय युवक था, जिसे पुलिस द्वारा टेम्पल यूनिवर्सिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां शुक्रवार और शनिवार की रात लगभग 1 बजे मृत घोषित कर दिया गया.
हालांकि रिपोर्ट में मृतक का नाम नहीं बताया गया है, लेकिन कई भारतीय रिपोर्टों के अनुसार उनकी पहचान अंशुल कुंचा के रूप में हुई है. कुंचा की मौत पर न्यूयॉर्क स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने दुख प्रकट किया है. दूतावास ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि फिलाडेल्फिया, पेंसिल्वेनिया में भारतीय नागरिक अंशुल कुंचा के असामयिक निधन से हम बेहद दुखी हैं. इस कठिन समय में उनके परिवार के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं हैं. दूतावास अंशुल के परिवार के संपर्क में है और हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है.
रिपोर्ट के अनुसार, फिलाडेल्फिया के रेमंड रोसेन होम्स नाम की सोसाइटी के एक खाली घर में किसी ने पिज्जा का ऑर्डर दिया था. पीड़ित ने ऑर्डर डिलीवर किया और परिसर से निकलते ही उसे गोली मार दी गई. फिलाडेल्फिया हाउसिंग अथॉरिटी के कैमरों में कैद फुटेज में अंशुल पिज्जा लेकर जाता हुआ दिखाई दे रहा है और उसके पीछे दो लोग चल रहे थे, जिन्होंने गहरे रंग के कपड़े पहने थे और एक बैग ले जा रहे थे.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved