बड़ी खबर भोपाल न्यूज़ (Bhopal News) मध्‍यप्रदेश

बच्चों के हाथों में भारत का भविष्य सुरक्षित : सीएम शिवराज

-मुख्यमंत्री ने अनुगूंज के समापन समारोह में बच्चों को किया संबोधित
कहा- दुनिया में कोई काम ऐसा नहीं जो बच्चे नहीं कर सकते

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Chief Minister Shivraj Singh Chouhan) ने कहा कि बच्चों के हाथों में भारत का भविष्य सुरक्षित है। बच्चों में प्रतिभा, योग्यता और क्षमता की कोई कमी नहीं है। बच्चों के समक्ष आगे बढ़ने के अनेक रास्ते हैं। मनुष्य जैसा सोचता है वैसा ही बन जाता है। बच्चे अपनी प्रतिभा को निखार कर आगे बढ़ने का प्रयास करें। आप में से ही कोई इंजीनियर, डॉक्टर, मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री बनेंगे।

मुख्यमंत्री चौहान गुरुवार शाम को आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत स्कूल शिक्षा विभाग की दो दिवसीय “अनुगूँज” कार्यक्रम के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति में ज्ञान, कौशल और नागरिकता सभी का समावेश है। हम प्रदेश में नई शिक्षा नीति लागू कर प्रदेश को देश का अग्रणी राज्य बना रहे हैं।

उन्होंने बच्चों से कहा कि आप सभी मुस्कुराते रहें, प्रसन्न रहे और लगातार प्रगति के पथ पर आगे बढ़ते रहे। उन्होंने कहा कि आजादी हमें ऐसे ही नहीं मिली, हजारों क्रांतिकारियों ने देश की आजादी के लिए सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। उनके त्याग, तपस्या और बलिदान से ही आजादी मिली है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आत्म-निर्भर भारत बनाने का संकल्प लिया है। उनके नेतृत्व में हम तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। भारत को आप और हम मिलकर आत्म-निर्भर बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना के केस दुनियाभर में बढ़ रहे हैं, इससे सावधान रहें।

चौहान ने कहा कि दुनिया में कोई काम ऐसा नहीं है जो आप नहीं कर सकते। मेहनत और परिश्रम करें। आप चित्रकार, लेखक, खिलाड़ी तथा अलग-अलग क्षेत्रों में जा सकते हैं। ऊंची उड़ान भरें, पढ़ाई के साथ-साथ थोड़ा समय योग-प्राणायाम के लिए भी निकालें। समय को व्यर्थ न जाने दें। लक्ष्य निर्धारित कर देश और प्रदेश को आगे बढ़ायें।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर लगाई प्रदर्शनी का अवलोकन कर बच्चों द्वारा बनाए गए चित्रों और कलाकृतियों की सराहना की। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां देखीं और बच्चों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) इंदर सिंह परमार, प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा रश्मि अरुण शमी सहित अन्य संबंधित अधिकारी, मेंटर्स, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और अभिभावक आदि उपस्थित थे। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

मप्र में लम्बे समय बाद कोरोना के 30 नये मामले, 19 स्वस्थ हुए

Fri Dec 24 , 2021
भोपाल। मध्यप्रदेश में बीते 24 घंटों में कोरोना के 30 नये मामले सामने आए हैं, जबकि 19 मरीज संक्रमण मुक्त होकर अपने घर पहुंचे हैं। इसके बाद राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 07 लाख, 93 हजार, 581 हो गई है। वहीं, राज्य में कोरोना से कोई मौत नहीं हुई है। यह जानकारी स्वास्थ्य विभाग […]