
इंदौर शहर में कहीं भी आने-जाने का लेना पड़ेगा टिकट
इंदौर। सिटी बस कंपनी (City bus company) द्वारा इंदौर (Indore) शहर में रक्षाबंधन (Rakhi) के मौके पर महिलाओं (Women) को एक स्थान से दूसरे स्थान पर आने-जाने के लिए फ्री में सफर करने की सौगात नहीं दी गई है। अब महिलाओं को हर दिन की तरह टिकट लेकर ही सफर करना पड़ेगा।
रक्षाबंधन पर चार्टर्ड बस में 2 दिन के लिए महिलाओं का सफर फ्री कर देने का ऐलान करने के बाद सिटी बस कंपनी के सामने इंदौर शहर में चलने वाली सिटी बस में सुविधा देने का मुद्दा बना हुआ था। पिछले कई सालों से रक्षाबंधन के मौके पर इंदौर शहर में एक स्थान से दूसरे स्थान तक जाने के लिए महिलाओं को फ्री में सफर करने की सौगात दी जाती थी। इसमें कहा जाता था कि महिलाओं के फ्री सफर करने से बस कंपनी को जो घाटा होता था, उसकी पूर्ति महापौर के निर्देश पर इंदौर नगर निगम द्वारा की जाती थी। हर साल 65000 महिलाएं इस सुविधा का लाभ रक्षाबंधन के दिन उठाती थीं। कई सालों के बाद इस साल इस सुविधा को बंद कर दिया गया है। इस बारे में पूछे जाने पर एआईसीटीएसएल के कार्यकारी संचालक अर्थ जैन ने बताया कि बस कंपनी के घाटे को कम करने और उसे सस्टेनेबल बनाने की दिशा में पिछले कुछ महीनों में लगातार काम किया जा रहा है। ऐसी स्थिति में सिटी बस कंपनी के माध्यम से फ्री में बस की सुविधा देना संभव नहीं है। कल रक्षाबंधन के दिन महिलाओं को इंदौर शहर में सिटी बस से एक स्थान से दूसरे स्थान पर जाने के लिए हर दिन की तरह ही टिकट लेकर ही सफर करना पड़ेगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved