
इंदौर। इंदौर में जागरूकता अभियानों के बावजूद साइबर फ्रॉड के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। साइबर ठग हजारों किलोमीटर दूर बैठकर लोगों को अलग-अलग तरीकों से अपना शिकार बना रहे हैं। अब टीवी सीरियल और फिल्मों में एक्टर बनाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। इंदौर में क्राइम ब्रांच को ऐसी तीन शिकायतें मिली हैं, जिनमें फेसबुक और सोशल मीडिया पर विज्ञापन के जरिए युवाओं को एक्टिंग का मौका देने का झांसा दिया गया।
इंदौर क्राइम ब्रांच के सामने सामने आए मामलों में एक महिला ने फेसबुक पर एक्टिंग से जुड़ा विज्ञापन देखा था। विज्ञापन के जरिए महिला की आरोपियों से बातचीत शुरू हुई और उसे टीवी सीरियल और फिल्मों में काम दिलाने का झांसा दिया गया। इसके बाद आरोपी महिला को अलग-अलग तरह के खर्च और प्रक्रिया का हवाला देकर रकम जमा कराने के लिए कहते रहे। महिला ने कई बार में करीब 50 हजार रुपये आरोपियों के बताए खातों में जमा कर दिए।
रकम देने के बाद जब महिला को न तो काम मिला और न ही आरोपियों से संपर्क हो पाया, तब उसे अपने साथ हुई ठगी का पता चला। महिला ने मामले की शिकायत क्राइम ब्रांच में की। जांच के बाद क्राइम ब्रांच ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस अब सोशल मीडिया अकाउंट, मोबाइल नंबर और पैसों के लेन-देन से जुड़े सुरागों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर एक्टिंग, मॉडलिंग या फिल्मों में काम दिलाने वाले विज्ञापनों से सावधान रहें और किसी भी तरह की फीस या रजिस्ट्रेशन के नाम पर रकम जमा करने से पहले पूरी तरह जांच जरूर करें।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved