
फ्लाइट में शराब ले जाने की छूट, लेकिन घर के घी पर रोक, तीन दिन बाद वापसी तक संभालकर रखने से भी किया इनकार
इंदौर। मां (Mother) जब बेटी (daughter) से मिलने दूर बेंगलुरु जा रही थी तो अपने साथ सिर्फ सामान नहीं, बल्कि उसके लिए लंबे समय से सहेजकर रखा घर का बना घी (ghee) भी लेकर निकली थी। बेटी के लिए मां के हाथों से तैयार इस घी का भावनात्मक महत्व था, लेकिन इंदौर एयरपोर्ट (airport) पर सुरक्षा जांच के दौरान यह घी डस्टबिन में फिंकवा दिया गया। घटना से दुखी बेटी ने इसकी शिकायत एयरपोर्ट अथॉरिटी से की और सवाल उठाया कि जब विमान में शराब ले जाने की अनुमति है, तो घर के बने घी पर रोक क्यों है।
पल्लवी सिन्हा ने बताया कि उनकी मां इंदौर से बेंगलुरु उनसे मिलने आ रही थीं। मां ने उनके लिए लंबे समय से मलाई इक_ा कर घी तैयार किया था। एयरपोर्ट की सुरक्षा जांच में स्टाफ ने इसे ले जाने की अनुमति नहीं दी और घी फिंकवा दिया। पल्लवी ने बताया कि उनकी मां तीन दिन बाद वापस लौटने वाली थीं। उन्होंने सुरक्षा कर्मचारियों से घी को सुरक्षित रखने का अनुरोध भी किया था, ताकि वापसी पर उसे ले सकें, लेकिन इससे भी इनकार कर दिया गया। शिकायत के जवाब में इंदौर एयरपोर्ट ने सोशल मीडिया पर हुई शिकायत के जवाब में घटना को लेकर खेद जताया। अथॉरिटी ने कहा कि वह यात्री की निराशा और घर के बने घी से जुड़ी भावनाओं को समझती है। साथ ही बताया कि सुरक्षा प्रक्रियाएं विमानन सुरक्षा नियमों के अनुसार लागू की जाती हैं और कुछ खाद्य व तरल पदार्थों को सुरक्षा जांच केंद्र से आगे ले जाने की अनुमति नहीं हो सकती। अथॉरिटी ने यात्री से यात्रा का विवरण मांगा ताकि मामले की जांच कर आगे सहायता की जा सके।
हैंड बैग में 100 एमएल से ज्यादा लिक्विड पर है प्रतिबंध
एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि विमानन सुरक्षा नियमों के तहत विमान में यात्री के साथ जाने वाले हैंडबैग में 100 मिलीलीटर से ज्यादा लिक्विड ले जाने पर प्रतिबंध है। निश्चित तौर पर महिला यात्री के हैंड बैगेज में ही घी होने के चलते उन्हें रोका गया होगा। यात्रियों को टिकट बुक करते वक्त ही यह जानकारी भी दी जाती है, जिसका उन्हें ख्याल रखना चाहिए। यात्री अपने साथ चेक-इन लगेज में ज्यादा लिक्विड भी लेकर जा सकते हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved