
छात्रों की गूंज से पहले कॉलेजों में कांग्रेस की दस्तक
इन्दौर। 19 सितंबर को राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ (‘Echoes of Students’) कार्यक्रम से पहले इंदौर (Indore) में कांग्रेस (Congress) ने युवाओं के बीच अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कॉलेजों का रुख कर लिया है। पूर्व विधायक सत्यनारायण पटेल और मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव विक्रम मस्ताल (हनुमान) गुरुवार को विभिन्न महाविद्यालयों में पहुंचे और विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया। कॉलेज परिसरों में छात्रों से चर्चा कर उन्हें कार्यक्रम से जुड़ने और अपनी बात रखने के लिए आमंत्रित किया गया।
कांग्रेस नेताओं ने छात्रों से शिक्षा व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं, पेपर लीक, परीक्षा से जुड़ी शिकायतों और रोजगार जैसे मुद्दों पर चर्चा की। उनका कहना है कि ‘छात्रों की गूंज’ का मंच युवाओं को अपनी बात सीधे रखने का अवसर देगा। कॉलेजों में संपर्क के दौरान विद्यार्थियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील भी की गई। कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस ने प्रचार का दायरा कॉलेजों से आगे बढ़ाते हुए शहरभर में फैलाया है। ऑटो रिक्शा, होर्डिंग, कटआउट और डिजिटल प्रचार के साथ एलईडी वैन के माध्यम से भी कार्यक्रम का संदेश युवाओं तक पहुंचाया जा रहा है। इंदौर के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की टीमें लगातार जनसंपर्क कर रही हैं। पटेल और मस्ताल के नेतृत्व में चल रहे अभियान में शिक्षण संस्थानों के साथ युवाओं के बीच छोटे समूहों में संवाद पर जोर दिया जा रहा है। कांग्रेस नेताओं के अनुसार, अभियान का उद्देश्य युवाओं को शिक्षा, परीक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखने के लिए एक मंच से जोड़ना है।
19 सितंबर पर नजर
राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम 19 सितंबर को इंदौर में प्रस्तावित है। कार्यक्रम से पहले कॉलेजों में बढ़ी कांग्रेस की सक्रियता से शहर में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। अब नजर 19 सितंबर के कार्यक्रम पर रहेगी कि इसमें कितनी संख्या में विद्यार्थी पहुंचते हैं और राहुल गांधी के साथ संवाद में कौन-कौन से मुद्दे प्रमुखता से उठते हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved