
बिना हेलमेट वालों के बनाए 36087 चालान, अन्य धाराओं में भी की गई चालानी कार्रवाई
इन्दौर। सड़क सुरक्षा (road safety) और सुगम यातायात (Smooth Traffic) के लिए काम कर रही यातायात पुलिस (Traffic Police) ने साल 2026 के शुरुआती चार महीनों में ही करोड़ों का समन शुल्क वसूल लिया है। बीते महीने बिना हेलमेट वालों पर सख्ती के साथ ही नो पार्किंग (रॉन्ग पार्किंग) वालों पर भी सख्ती रही। विशेष पेट्रोलिंग टीमों ने एक ही महीने में इनके 5 हजार से ज्यादा चालान बना डाले। आईटीएमएस सहित बिना हेलमेट वाले 36087 पर कार्रवाई की गई।
इस महीने की शुरुआत में भले ही तेज गर्मी के कारण यातायात पुलिस ने हेलमेट की कार्रवाई से दोपहिया वाहन चालकों को राहत दी हो, लेकिन बीते चार महीने में 1 लाख 39 हजार 445 के बिना हेलमेट के चालान बना दिए हैं। इसमें आईटीएमएस के जरिए बने चालान भी शामिल हैं। केवल अप्रैल माह की कार्रवाई की बात करें तो विभिन्न धाराओं में 47 हजार 276 चालान बनाकर यातायात पुलिस शासन के खाते में 1 करोड़ 71 लाख 90 हजार 250 का समन शुल्क जमा करवा चुकी है। वहीं बीते चार महीने में 6 करोड़ 9 लाख 1 हजार 700 का समन शुल्क वसूला जा चुका है। बिना हेलमेट के बाद सबसे ज्यादा कार्रवाई रॉन्ग पार्किंग, नंबर प्लेट, वन-वे, मोबाइल, रेड लाइट जम्प और ओवरलोडिंग की है। नंबर प्लेट के 1444, वन-वे के 1217, मोबाइल के 715, रेड लाइट जम्प के 835, रॉन्ग पार्किंग के 5247 और ओवरलोडिंग के 599 चालान हैं। इसके अलावा बिना लाइसेंस, प्रदूषण, हूटर, शराब, बीमा, सीट बेल्ट, ब्लैक फिल्म, बिना वर्दी सहित अन्य धाराओं में चालानी कार्रवाई की गई है।
माह हेलमेट रॉन्ग पार्क उल्लंघन ओवरलोड नंबर प्लेट
जनवरी 31813 3451 1200 771 1575
फरवरी 34866 3458 369 318 447
मार्च 36679 3387 455 707 778
अप्रैल 36087 5247 835 599 1444
योग 139445 15543 2859 2395 4244