
पुल तैयार, अब रंगरोगन और आसपास टाइल्स लगाने का काम बाकी
इंदौर। दो साल से बंद पड़े नेहरू पार्क (Nehru Park) के स्विमिंग पूल (Swimming pool) के अगले महीने शुरू होने के आसार हैं। 14 अगस्त को इंदौर आ रहे मुख्यमंत्री (CM) के हाथों इसका शुभारंभ करवाया जा सकता है। कल क्षेत्रीय विधायक (MLA) खुद पुल की तैयारियां देखने पहुंचे और तैराकी भी की। उन्होंने कहा कि थोड़ा काम बाकी है, जिसे पूरा कर लिया जाएगा और इंदौर के लोगों को एक नए स्वरूप में पूल की सौगात मिलेगी।
जीर्णोद्धार की राह तकते नेहरू पार्क स्विमिंग पूल दो साल से बंद पड़ा है। यहां गर्मी के मौसम में बड़ी संख्या में श्रमिक क्षेत्र और पूर्वी क्षेत्र के लोग तैरने आते थे, लेकिन दो साल से पूल बंद होने के कारण उनमें निराशा छाई हुई है। लेकिन अब 15 से 20 दिन और इंतजार करना पड़ सकता है। पुराने पूल को नए स्वरूप में तैयार किया जा रहा है। फिलहाल इसका पूल बना दिया गया है और उसमें पानी भी भर दिया गया है, जिसकी टेस्टिंग चल रही है। कल विधायक महेंद्र हार्डिया और क्षेत्रीय पार्षद नंदकिशोर पहाडिय़ा पूल का अवलोकन करने पहुंचे थे। उन्होंने न केवल पूल का अवलोकन किया, बल्कि उसमें तैरकर भी देखा। पूल की व्यवस्थाओं पर जनप्रतिनिधियों ने संतोष जताया और कहा कि यहां अब तैराकों को तैरने का नया अनुभव मिलेगा। 14 अगस्त को मुख्यमंत्री मोहन यादव इंदौर में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने आ रहे हैं। अगर उन्होंने समय दिया तो इस सौगात का लोकार्पण उनके हाथों ही करवाया जाएगा। फिलहाल पूल के बाहर का सौंदर्यीकरण कार्य चल रहा है, वहीं अंदर एक बगीचा भी बनाया गया है, जिससे तैराकों को प्रकृति के बीच तैरने का अहसास हो सके।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved