
नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने कहा कि प्रजा के हित में ही (In interest of the People) जनप्रतिनिधि का हित है (Interest of Public Representative Lies) । प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं ।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “पंचायती राज दिवस के अवसर पर देशभर के जनप्रतिनिधियों का हार्दिक अभिनंदन। जनसेवा के साथ राष्ट्रसेवा के प्रति आप सभी का समर्पण हर किसी को प्रेरित करने वाला है।” इसके साथ ही, पीएम मोदी ने ‘संस्कृत सुभाषितम्’ भी शेयर किया, जिसमें लिखा, “प्रजासुखे सुखं राज्ञः प्रजानां च हिते हितम्। नात्मप्रियं प्रियं राज्ञः प्रजानां तु प्रियं प्रियम्॥” ‘संस्कृत सुभाषितम्’ में कहा गया है, “प्रजा के सुख में जनप्रतिनिधि का सुख है, प्रजा के हित में ही उसका हित है। जनसेवक का अपना प्रिय कुछ नहीं है, प्रजा का प्रिय ही उसका प्रिय होता है।” उन्होंने कहा कि जनसेवा के साथ राष्ट्रसेवा के प्रति देशभर के जनप्रतिनिधियों का समर्पण हर किसी को प्रेरित करने वाला है।
राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने भी देशवासियों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, “ग्राम स्वराज की परिकल्पना साकार करने में पंचायती राज संस्थाएं लोकतंत्र की सशक्त आधारभूत इकाई हैं। स्थानीय स्वशासन, जनभागीदारी, पारदर्शिता, डिजिटल सशक्तिकरण, महिलाओं की भागीदारी और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।”
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने लिखा, “भारत की आत्मा उसके गांवों में बसती है और इन गांवों के समग्र विकास का आधार हमारी पंचायतें हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते वर्षों में पंचायती राज व्यवस्था को नई ऊर्जा और दिशा मिली है। नारी सशक्तिकरण, डिजिटल व स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार, स्वच्छता अभियान, जल संरक्षण और बुनियादी ढांचे के विकास के माध्यम से गांव-गांव तक परिवर्तन की धारा पहुंची है। आज इस अवसर पर पंचायतों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में जुटे सभी जनप्रतिनिधियों, कर्मयोगियों और ग्रामवासियों का अभिनंदन करता हूं।”
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस की शुभकामनाएं देते हुए पोस्ट किया, “ग्राम स्वराज की अवधारणा को साकार करते हुए सशक्त पंचायतें, आत्मनिर्भर गांव और समृद्ध भारत के निर्माण का यह पावन अवसर हम सभी को लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत करने की प्रेरणा देता है। आइए, स्थानीय स्वशासन को सुदृढ़ कर ग्राम स्तर से ही विकास की नई गाथा लिखें और सशक्त राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनें।”
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लिखा, “लोकतंत्र की सफलता पंचायतों की मजबूती पर निर्भर करती है। खुशहाल और सशक्त होते गांव ही देश के विकास को नई दिशा दे रहे हैं। ग्रामीण विकास की योजनाओं को धरातल पर उतारने तथा हर चेहरे पर मुस्कान लाने के लिए हम निरंतर प्रयासरत हैं। जनता की सीधी भागीदारी और सामूहिक प्रयासों से ही एक विकसित भारत का निर्माण संभव है।”
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved