खेल

IPL 2022: हैदराबाद को 67 रन से हराकर RCB ने बढ़ाया प्ले-ऑफ की ओर कदम

मुम्बई। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 (Indian Premier League (IPL) 2022) के 54वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (Royal Challengers Bangalore-RCB) ने सनराइजर्स हैदराबाद (Sunrisers Hyderabad-SRH) को 67 रनों से हराकर अपनी सातवीं जीत दर्ज की है। RCB ने पहले खेलते हुए फाफ डु प्लेसिस के अर्धशतक (73*) की मदद से 192/3 का स्कोर बनाया। जवाब में SRH आखिरी ओवर में 125 पर सिमट गई। RCB से वानिंदु हसरंगा ने सर्वाधिक पांच विकेट (5/18) लिए।

विराट कोहली के शून्य पर आउट होने के बाद कप्तान डु प्लेसिस ने रजत पाटीदार (48) के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 105 रन जोड़े। अंतिम ओवरों में दिनेश कार्तिक ने आठ गेंदों में नाबाद 30 रन बनाकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। ग्लेन मैक्सवेल ने 33 रनों का योगदान दिया। जवाब में SRH के दोनों सलामी बल्लेबाज बिना खाता खोले आउट हो गए। मुश्किल परिस्थितियों में राहुल त्रिपाठी (58) ने अर्धशतक लगाया लेकिन जीत नहीं दिला सके।


पारी की शुरुआत करने आए विराट कोहली मैच की पहली ही गेंद पर ही आउट होकर पवेलियन लौट गए। वह स्पिन गेंदबाज जगदीश सुचित की पहली गेंद पर केन विलियमसन को कैच थमा बैठे। मौजूदा सीजन में कोहली तीसरी बार शून्य पर आउट हुए हैं। दिलचस्प बात यह है कि वह IPL 2022 में SRH के खिलाफ इससे पहले मुकाबले में भी बिना खाता खोले पहली गेंद में ही आउट हुए थे।

अच्छी फॉर्म में चल रहे डु प्लेसिस ने अपने IPL करियर का 25वां अर्धशतक 34 गेंदों में पूरा किया। उन्होंने एक छोर संभाले रखा और आखिरी ओवर तक बल्लेबाजी की। डु प्लेसिस ने 50 गेंदों में आठ चौकों और दो छक्कों की मदद से नाबाद 73 रन बनाए। इस बीच उन्होंने अपने IPL करियर में 300 चौके भी पूरे किए हैं। उनके 112 मैचों के बाद लगभग 35 की औसत से 3,324 रन हो गए हैं।

मुश्किल परिस्थितियों में बल्लेबाजी के लिए राहुल त्रिपाठी ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और मौजूदा सीजन में अपना दूसरा अर्धशतक 32 गेंदों में पूरा किया। उन्होंने 37 गेंदों में छह चौकों और दो छक्कों की मदद से 58 रन बनाए।संघर्षपूर्ण बल्लेबाजी कर रहे त्रिपाठी को हेजलवुड ने आउट किया। उन्होंने IPL 2022 में 11 मैचों में लगभग 38 की औसत से 311 रन बना लिए हैं।

ऑलराउंडर हसरंगा ने घातक गेंदबाजी की और अपने चार ओवरों में 18 रन देकर महत्वपूर्ण पांच विकेट झटके। यह उनके IPL करियर में अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन हो गया है। हसरंगा ने IPL 2022 में अब तक 12 मैचों में 15.33 की औसत से 21 विकेट ले लिए हैं और वह दूसरे सर्वाधिक विकेट वाले गेंदबाज हो गए हैं। बता दें फिलहाल सर्वाधिक विकेट युजवेंद्र चहल (22) ने झटके हैं।

Share:

Next Post

IPL 2022 : सीएसके ने दिल्ली ने 91 रन से हराया, प्ले-ऑफ में पहुंचने की उम्मीदें बरकरार

Mon May 9 , 2022
मुम्बई। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 (Indian Premier League (IPL) 2022) के 55वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings-CSK) ने दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals- DC) को 91 रनों से हरा दिया है। पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई ने डेवोन कोन्वे (87) की बदौलत 208/6 का स्कोर खड़ा किया था। जवाब में दिल्ली की […]