खेल

IPL 2023: हैदराबाद की पहली जीत, पंजाब किंग्स को 8 विकेट से हराया

हैदराबाद (Hyderabad)। इंडियन प्रीमियर लीग (Indian Premier League – IPL) 2023 के 14वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद (Sunrise Hyderabad- SRH) ने पंजाब किंग्स (Punjab Kings-PBKS) को 8 विकेट से हराकर अपनी पहली जीत दर्ज की है। राजीव गांधी स्टेडियम में खेले गए मैच में PBKS ने पहले खेलते हुए 143/9 का स्कोर बनाया। जवाब में SRH से राहुल त्रिपाठी ने अर्धशतक (74*) लगाया और टीम को 18वें ओवर में जीत दिला दी।

PBKS ने पॉवरप्ले के बाद 41 के स्कोर तक अपने 3 विकेट खो दिए। इसके बाद के विकेटों के आउट होने का क्रम निरंतर जारी रहा। हालांकि, कप्तान धवन ने बेहतरीन पारी खेलते हुए टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। SRH से मयंक मारकंडे ने सर्वाधिक 4 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए SRH ने 45 के स्कोर तक अपने 2 विकेट खो दिए थे। मुश्किल घड़ी में त्रिपाठी ने एडेन मार्करम के साथ मिलकर जीत दिला दी।


लेग स्पिनर मयंक मारकंडे ने आज अपने 4 ओवरों में 15 रन देते हुए 4 विकेट लिए। उन्होंने सैम कर्रन, शाहरुख खान, नाथन एलिस और राहुल चाहर के विकेट चटकाए। यह उनका अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन हो गया है। मारकंडे ने अपने IPL करियर में अब तक 21 मैच खेले हैं। उन्होंने 25.00 की गेंदबाजी औसत और 8.20 की इकॉनमी रेट से गेंदबाजी करते हुए अब तक 21 विकेट लिए हैं।

सलामी बल्लेबाज के तौर पर आए धवन ने शुरुआत में आराम से बल्लेबाजी की। हालांकि, दूसरे छोर पर कोई भी बल्लेबाज टिक नहीं पाए और टीम ताश के पत्तों की तरह ढहती नजर आई। 89 रन पर 9 विकेट गिरने के बाद धवन ने आक्रमक खेल दिखाया। उन्होंने 66 गेंद में नाबाद 99 रन बनाए। उन्होंने 12 चौके और 5 छक्के लगाए। उनकी स्ट्राइक रेट 150 से ऊपर रही। इस पारी के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

धवन IPL में 99 के स्कोर पर नाबाद रहने वाले चौथे बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले सुरेश रैना (बनाम SRH, 2013), क्रिस गेल (बनाम RCB, 2019) और मयंक अग्रवाल (बनाम DC, 2021) ये कर चुके हैं।

नंबर 3 पर बल्लेबाजी के लिए आए त्रिपाठी ने शुरुआत में धीमी बल्लेबाजी की। हालांकि, नजरें जमने के बाद उन्होंने रन गति में इजाफा किया और 35 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। यह उनके IPL करियर का 11वां अर्धशतक रहा। इस बीच उन्होंने कप्तान एडेन मार्करम के साथ शतकीय साझेदारी की। यह SRH की ओर से पांचवीं बड़ी साझेदारी रही। त्रिपाठी ने 48 गेंदों में नाबाद 74 रन बनाए और मार्करम ने 21 गेंदों में नाबाद 37 रन बनाए। SRH की यह 3 मैचों के बाद पहली जीत है। वह अंक तालिका में आठवें स्थान पर पहुंच गए हैं। अपनी पहली शिकस्त झेलने वाली PBKS अब छठे स्थान पर बनी हुई है।

Share:

Next Post

IPL 2023: लगातार 5 छक्के मारकर चर्चा में आए, जानें कौन हैं रिंकू सिंह?

Mon Apr 10 , 2023
अहमदाबाद (Ahmedabad)। इंडियन प्रीमियर लीग (Indian Premier League- IPL)के 13वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (Kolkata Knight Riders- KKR) के बल्लेबाज रिंकू सिंह (Batsman Rinku Singh) ने गुजरात टाइटंस (Gujarat Titans-GT) के गेंदबाज यश दयाल के खिलाफ लगातार 5 छक्के लगाकर चर्चा में हैं। KKR को आखिरी ओवर में 29 रन चाहिए थे और रिंकू […]