img-fluid

MP में पटवारियों की सेवा समाप्ति और निलंबन के विरोध में भड़का आक्रोश, 7 अक्टूबर से काम बंद का ऐलान, जिलों में उग्र प्रदर्शन

October 07, 2026

मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों में स्वामित्व योजना-2026 के तहत काम में लापरवाही और शून्य प्रगति का आरोप लगाकर 7 परिवीक्षाधीन पटवारी पर की गई बर्खास्तगी व निलंबन की कार्रवाई ने पूरे प्रदेश में आंदोलन का रूप ले लिया है। प्रांतीय पटवारी संघ के आह्वान पर 7 अक्टूबर से प्रदेशभर के पटवारी ऑनलाइन राजस्व कार्यों का बहिष्कार कर शासकीय सोशल मीडिया ग्रुप्स से बाहर निकल आए हैं। देवास, गुना, सीधी, अशोकनगर और आगर मालवा समेत कई जिलों में पटवारियों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर जमकर नारेबाजी की और प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए बर्खास्त पटवारियों की तत्काल बहाली की मांग की है।

गुना: बिना उचित प्रक्रिया के निलंबन का आरोप, 7 अक्टूबर से तीन दिवसीय सामूहिक हड़ताल

रंजीत रघुवंशी, गुना। प्रांतीय पटवारी संघ और पटवारी संघ जिला इकाई गुना ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर दंडात्मक कार्रवाई पर कड़ा विरोध दर्ज कराया है। संघ का कहना है कि प्रदेश के अन्य 43 जिलों की तरह गुना में भी स्वामित्व रजिस्ट्री की संख्या शून्य है, फिर भी जिला प्रशासन ने कुछ परिवीक्षाधीन पटवारियों को व्हाट्सऐप के माध्यम से सेवा समाप्ति के नोटिस थमा दिए। संघ ने आरोप लगाया कि बिना विधिक प्रक्रिया का पालन किए जिला अध्यक्ष महेंद्र सिंह किरार, ललित मोहन शर्मा, विजय सिंह भील और मेहरबान भील को निलंबित कर दिया गया। इसके विरोध में गुना जिले के पटवारी 7 अक्टूबर से तीन दिवसीय सामूहिक हड़ताल पर चले गए हैं।

देवास: कलेक्टर कार्यालय में गूंजे तीखे नारे, प्रशासन को दिया 3 दिन का अल्टीमेटम

हेमंत गुर्जर, देवास। देवास में तीन परिवीक्षाधीन पटवारियों की सेवा समाप्ति के विरोध में उज्जैन संभाग के बड़ी संख्या में पटवारी देवास कलेक्ट्रेट पहुंचे और उग्र प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पटवारियों ने कलेक्टर बोरिया-बिस्तर बांध ले और कलेक्टर तेरी तानाशाही नहीं चलेगी जैसे तीखे नारे लगाए। पटवारी संघ ने तीनों पटवारियों की बहाली के लिए प्रशासन को तीन दिन का अल्टीमेटम दिया है और चेतावनी दी है कि मांग पूरी न होने पर पूरे संभाग के पटवारी राजस्व कार्यों का अनिश्चितकालीन बहिष्कार करेंगे।

सीधी: प्रांत अध्यक्ष उपेंद्र सिंह के नेतृत्व में वीथिका भवन से कलेक्ट्रेट तक विरोध

अमित पाण्डेय, सीधी। सीधी जिले में पटवारी संघ के प्रांताध्यक्ष उपेंद्र सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों पटवारी वीथिका भवन में एकत्र हुए और पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। पटवारियों ने राजस्व विभाग के प्रमुख सचिव और कलेक्टर के नाम एडीएम को ज्ञापन सौंपकर दंडात्मक कार्रवाई वापस लेने की मांग की। संघ ने स्पष्ट किया कि जब तक देवास, सागर और अन्य जिलों में हुई सेवा समाप्ति व निलंबन की कार्रवाई रद्द नहीं होती, तब तक पटवारी ऑनलाइन काम से दूर रहेंगे।

अशोकनगर: 8 और 9 अक्टूबर को सामूहिक अवकाश का ऐलान, सरकारी ग्रुप्स छोड़े

रंजीत रघुवंशी, अशोकनगर। मध्य प्रदेश पटवारी संघ की अशोकनगर इकाई ने भी 7 अक्टूबर को प्रमुख सचिव के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। संघ ने घोषणा की है कि प्रांतीय आह्वान पर 7 अक्टूबर से सभी पटवारी ऑनलाइन राजस्व कार्यों से विरत रहेंगे और शासकीय ग्रुप्स से बाहर रहेंगे। इसके साथ ही 8 और 9 अक्टूबर को जिले के समस्त पटवारी सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। संघ ने चेतावनी दी है कि भविष्य में किसी भी जिले में कार्रवाई हुई तो बिना पूर्व सूचना के तत्काल बेमियादी हड़ताल की जाएगी।

आगर मालवा: कलेक्ट्रेट में धरने पर बैठे पटवारी, प्रशासन पर लगाया ‘गूंगा-बहरा’ होने का आरोप

लवकुश बैरागी, आगर-मालवा। आगर मालवा में पांच परिवीक्षाधीन पटवारियों की सेवा समाप्ति के विरोध में पटवारी कलेक्ट्रेट परिसर में धरने पर बैठ गए। पटवारी संघ के नितिन रघुवंशी ने कहा कि शासन द्वारा लगातार ऐसी योजनाएं थोपी जा रही हैं जिनमें व्यावहारिक कठिनाइयां हैं, लेकिन समस्याओं को सुनने के बजाय सीधे सेवा समाप्ति की जा रही है। धरने के दौरान पटवारियों ने जिला प्रशासन पर संवाद न करने और ‘गूंगा-बहरा’ बनने का आरोप लगाते हुए मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया।

 

Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved