तेहरान। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने बहरीन स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों (US military bases) पर मिसाइल और ड्रोन (Missile – Drone) से संयुक्त हमला करने का दावा किया है। संगठन के अनुसार, हमले में अमेरिकी पैट्रियट एयर डिफेंस (Patriot Air Defense System) सिस्टम से जुड़े दो रडार को निशाना बनाया गया। हालांकि, हमले में हुए नुकसान की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
ईरानी सरकारी प्रसारक आईआरआईबी पर जारी बयान के मुताबिक, आईआरजीसी की एयरोस्पेस फोर्स ने बहरीन के अल-रिफा और अवाली सैन्य ठिकानों पर हमला किया। अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, इन ठिकानों पर अमेरिकी पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम से जुड़े रडार तैनात हैं।
ईरान ने हमले को जवाबी कार्रवाई बताया
आईआरजीसी ने दावा किया कि यह कार्रवाई अमेरिकी एमक्यू-1 और एमक्यू-9 ड्रोन की ओर से ईरानी हवाई क्षेत्र के कथित उल्लंघन तथा हेंगम द्वीप पर रडार प्रतिष्ठान पर हमले के जवाब में की गई। संगठन ने यह भी कहा कि क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य एस्कॉर्ट और हवाई सुरक्षा अभियान अपने उद्देश्यों में विफल रहे तथा अमेरिकी सुरक्षा में तैनात सैन्य उपकरणों और जहाजों को नुकसान पहुंचा।
आईआरजीसी ने ईरानी हवाई क्षेत्र को रेड लाइन बताते हुए चेतावनी दी कि भविष्य में किसी भी घुसपैठ पर निर्णायक कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले आईआरआईबी ने एक वीडियो जारी किया था, जिसमें कथित तौर पर होर्मुज जलडमरूमध्य के ऊपर अमेरिकी एमक्यू-9 और एमक्यू-1 ड्रोन को मार गिराने के दृश्य दिखाए गए थे।
एक अन्य वीडियो में बहरीन के अल-रिफा और अवाली ठिकानों पर अमेरिकी पैट्रियट एयर डिफेंस रडार को निशाना बनाते हुए मिसाइल और ड्रोन हमले के दृश्य प्रसारित किए गए।
सेंटकॉम को दी चुनौती
आईआरजीसी ने वीडियो के जरिए अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) को चुनौती देते हुए कहा कि वह फिर तथ्यों की जांच संबंधी बयान जारी करे और अमेरिकी सैन्य उपकरणों को नुकसान नहीं पहुंचने का दावा करे।
ईरान ने इन हमलों को अपने हवाई क्षेत्र में अमेरिकी कथित घुसपैठ और हेंगम द्वीप स्थित रडार प्रतिष्ठान पर हमले का जवाब बताया है। हालांकि, अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर नुकसान और रडार नष्ट होने के दावों की स्वतंत्र पुष्टि सामने नहीं आई है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved