ढाका। बांग्लादेश (angladesh) में राजनीतिक तनाव के बीच बीएनपी और प्रतिबंधित अवामी लीग (Awami League) के समर्थकों के बीच कई इलाकों में हिंसक झड़पें हुईं। इस दौरान घरों और दुकानों में तोड़फोड़ कर आगजनी की गई। बिगड़ते हालात को देखते हुए सरकार ने बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BJB) के 90 प्लाटून देशभर में तैनात किए हैं।
हिंसा ऐसे समय भड़की है, जब मुख्य विपक्षी जमात-ए-इस्लामी ने शनिवार से 40 दिवसीय राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन शुरू किया है। वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की अगले महीने भारत से बांग्लादेश वापसी की चर्चाओं ने भी राजनीतिक माहौल गरमा दिया है। हसीना को बांग्लादेश में मौत की सजा सुनाई जा चुकी है।
नरैल में अवामी लीग नेताओं के घर-दुकानों में आगजनी
ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार को नरैल जिले के कालिया उपजिला में अवामी लीग नेताओं और कार्यकर्ताओं से जुड़ी दर्जनों संपत्तियों में तोड़फोड़ और आगजनी की गई। बुधवार को क्षेत्र में बीएनपी के दो नेताओं की हत्या के बाद हिंसा शुरू हुई।
शुक्रवार दोपहर से देर रात तक बेंदर चार गांव में उपद्रव जारी रहा। इस दौरान अवामी लीग समर्थकों की संपत्तियों को निशाना बनाया गया। दमकल विभाग के अनुसार, आगजनी में करीब 20 से 30 घर क्षतिग्रस्त हुए हैं।
शनिवार को पाबना जिले के बेरा उपजिला में भी बीएनपी और अवामी लीग समर्थकों के बीच संघर्ष हुआ। डेली स्टार के मुताबिक, झड़प सुबह करीब 11 बजे शुरू हुई और दोपहर तक जारी रही। स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस को रबर की गोलियां और आंसू गैस के गोले चलाने पड़े।
पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बेरा नगरपालिका के पायना, बृशालिखा, सौदागरपारा और हाटीगारा इलाकों में पिछले तीन दिनों से तनाव बना हुआ था। वर्चस्व को लेकर दोनों पक्षों में विरोध, पीछा करने और जवाबी हमले की घटनाएं हुईं।
अवामी लीग नेता ने लगाया उत्पीड़न का आरोप
ढाका में एक अज्ञात स्थान से बोलते हुए अवामी लीग के एक नेता ने आरोप लगाया कि पार्टी समर्थकों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। उनका दावा है कि पिछले दो वर्षों से समर्थक पलायन करने को मजबूर हैं। सैकड़ों लोगों की हत्या या घायल होने और हजारों समर्थकों के जेल में बंद होने का आरोप भी लगाया गया।
नेता ने कहा कि पार्टी समर्थकों को कारोबार और नौकरियों से बेदखल किया जा रहा है, जिससे उनके परिवारों के सामने आर्थिक संकट पैदा हो गया है। उन्होंने दावा किया कि अब उनके पास विरोध और संघर्ष के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है।
एक सप्ताह में थानों और अन्य संपत्तियों पर भी हमले
ढाका ट्रिब्यून के अनुसार, इस सप्ताह अलग-अलग घटनाओं में बीएनपी के तीन नेताओं की हत्या हुई, जिनमें नरैल के कालिया के दो नेता भी शामिल हैं। अज्ञात हमलावरों ने खड़ी बसों में आग लगा दी, जिसमें एक बस हेल्पर की जिंदा जलकर मौत हो गई। पिछले सप्ताह कम से कम तीन पुलिस थानों को आग के हवाले किया गया, जिनमें दो शेख हसीना के गृह जिले गोपालगंज में हैं।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, चटगांव में पूर्व अंतरिम सरकार प्रमुख मुहम्मद यूनुस के पैतृक घर और देशभर में ग्रामीण बैंक की दर्जनों शाखाओं को भी निशाना बनाया गया है। बांग्लादेश में लगातार हिंसक घटनाओं से राजनीतिक अस्थिरता और सुरक्षा चुनौती गहराती जा रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved