देश राजनीति

जयपुर पहुंचे माकन, गहलोत-पायलट व विस अध्यक्ष जोशी से मुलाकात

जयपुर। राजस्थान में पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट की नाराजगी के बाद आलाकमान की ओर से गहलोत व पायलट के बीच कथित तौर पर बिगड़े रिश्ते सुधारने और सत्ता तथा संगठन में समन्वय कायम रखने के लिए बनाए गए कांग्रेस प्रदेश प्रभारी अजय माकन रविवार शाम पद संभालने के बाद पहली बार जयपुर पहुंचे। यहां उन्होंने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, सचिन पायलट तथा विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी से अलग-अलग शिष्टाचार भेंट की। रात में वे मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की ओर से मुख्यमंत्री निवास पर दिए गए रात्रिभोज में शामिल हुए। भोज में वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के अलावा सचिन पायलट और उनके समर्थक विधायक भी शामिल रहे।

जयपुर पहुंचने के बाद माकन ने सबसे पहले मुख्यमंत्री निवास पर अशोक गहलोत के साथ मुलाकात की। इस दौरान गहलोत ने माकन का शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा की मौजूदगी में तीनों नेताओं के बीच संगठनात्मक और अन्य मसलों पर विचार-विमर्श भी हुआ। इसके बाद माकन ने पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट के निवास पर उनसे मुलाकात की। यहां पीसीसी चीफ डोटासरा और सह सचिव विवेक बंसल मौजूद रहे। माकन ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी से भी मुलाकात की।

इससे पहले माकन का जयपुर पहुंचने पर कूकस चौराहे पर डोटासरा, चिकित्सा मंत्री डॉ. रघु शर्मा, सरकारी मुख्य सचेतक महेश जोशी समेत कई नेताओं ने जोरदार स्वागत किया। इससे पहले माकन का राजस्थान बॉर्डर पर शाहजहांपुर, बहरोड़, कोटपुतली, विराटनगर, शाहपुरा और चंदवाजी में भी जगह-जगह स्वागत किया गया। माकन कोटपुतली में जयपुर जिला ग्रामीण कांग्रेस कार्यालय भी पहुंचे और वहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।

इसके बाद पत्रकारों से बातचीत में माकन ने कहा कि भाजपा कितने भी जतन कर लें, हमारे कांग्रेसी विधायक नहीं बिकेंगे। ये राजस्थान के असली रण बांकुरे है। भाजपा ने जैसे पूरे देश में माहौल कर रखा है, वैसा ही माहौल राजस्थान में करना चाहती थी, लेकिन राजस्थान के सभी विधायक और मंत्रियों ने भाजपा को दिखा दिया कि हम लोकतंत्र की हत्या नहीं होने देंगे। इसके लिए राजस्थान के सभी विधायक बधाई के पात्र है। कांग्रेस ने आजादी के समय लोकतंत्र को बचाने के लिए अंग्रेजों से लड़ाई लड़ी थी, अब पूरे देश में लोकतंत्र को बचाने के लिए भाजपा से लडेंग़े। लोकतंत्र को खतरे में नहीं आने देंगे।

माकन रविवार रात मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की ओर से दिए गए सहभोज में शामिल हुए। यहां डोटासरा समेत, सचिन पायलट, गहलोत सरकार के कई मंत्री, विधायक, पूर्व सांसद और वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रदेश प्रभारी माकन सोमवार को व्यस्त रहेंगे। वे सोमवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर प्रदेश के सियासी हालात पर चर्चा करेंगे। इसके बाद मंगलवार को संभागवार नेताओं से बातचीत के क्रम में वे जयपुर व अजमेर संभाग के नेताओं से उनके क्षेत्रों का फीडबैक लेंगे। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

बुझो तो जाने — आज की पहेली

Mon Aug 31 , 2020
31 अगस्त 2020 1. बिजली कौंधी आसमान में,गर्जन दिल धडक़ाए। छायी घटाएं छम छम नाचे, गोपियन को लुभाए।। उत्तर. मोर 2. शाम होते जब तन थक जाए,निंदिया रानी लगी बुलाने। मन बावरा दर-दर भटके,चली फिर कहाँ कहाँ घुमाने।। उत्तर. सपना 3. पल में आए पल में जाए,तपन-शीतल का अहसास कराए। उत्तर. धूप छाया