भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

जमुनिया बनेगा नया इंडस्ट्रियल एस्टेट

  • 300 करोड़ लागत की पाइप निर्माण इकाई का शुभारंभ कर सीएम ने कहा

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में औद्योगिक विकास कर अधिकाधिक लोगों को रोजगार उपलब्ध करवाना राज्य सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री ने कोरोना की चुनौती को अवसर में बदला और आत्मनिर्भर भारत का संकल्प लिया है। इस संकल्प को पूरा करने में मध्यप्रदेश अधिकतम भागीदारी करेगा। उद्योगों को सभी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी ताकि आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के लक्ष्य को जल्दी हासिल किया जा सके। मुख्यमंत्री रविवार को रायसेन जिले में दीवानगंज के निकट ग्राम जमुनिया खेजड़ा में करीब 300 करोड़ की लागत से वेलस्पन समूह द्वारा स्थापित पाइप एवं प्लेट्स एंड क्वाईल निर्माण इकाई के शुभारंभ कार्यक्रम को संबंधित कर रहे थे। इस इकाई से करीब 1500 लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष तौर पर रोजगार मिलेगा।

महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर विचार
मुख्यमंत्री ने कहा कि उद्योगों में महिलाओं का रोजगार प्रतिशत बढ़ाएंगे। इसके लिए उद्योगपतियों से चर्चा कर नीति तैयार की जाएगी। हमारी बेटियां ऐसे संयंत्रों में कार्य करने के लिए पूरी तरह काबिल हैं। राज्य सरकार उद्योगपतियों के परामर्श से उद्योगों में महिलाओं की भागीदारी का प्रतिशत बढ़ाने पर गंभीरता से विचार करेगी। उन्होंने वेलस्पन समूह द्वारा रोजगार में लगभग पचास प्रतिशत महिलाओं को स्थान देने के कदम का स्वागत करते हुए कहा कि समूह का यह नवीन संयंत्र महिलाओं की भागीदारी का श्रेष्ठ उदाहरण बनेगा।

नया इंडस्ट्रियल एस्टेट बनेगा जमुनिया
मुख्यमंत्री ने कहा कि जमुनिया क्षेत्र रायसेन जिले का दूसरा महत्वपूर्ण औद्योगिक क्षेत्र है। पहले सभी उद्योग मण्डीदीप में ही लगाए जाते रहे हैं। मण्डीदीप के समान्तर इस क्षेत्र का औद्योगिक विकास होने से इस नए इंडस्ट्रियल एस्टेट में अन्य इकाईयां आएंगी। कुछ इकाईयां तो आ भी चुकी हैं। इस संपूर्ण क्षेत्र की अर्थव्यस्था में सकारात्मक बदलाव आएगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 में निवेश आमंत्रण दिए जाने के बाद वेलस्पन समूह ने तेजी से कार्य कर आज संयंत्र तैयार कर लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अंचल के लोगों के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार की बेहतर व्यवस्थाएं संभव होंगी।

उद्योग बनेंगे हमारे पार्टनर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जिस तरह भारत को उद्योग स्थापना का डेस्टिनेशन बनाना चाहते हैं, उसमें भी मध्यप्रदेश सक्रिय भूमिका निभाएगा। मध्यप्रदेश सरकार वेलस्पन समूह और इसी तरह के औद्योगिक संस्थानों को विकास में पार्टनर बना रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना काल में आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश का रोडमेप तैयार कर अधोसंरचना, सुशासन, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के माध्यम से समग्र विकास की तैयारी की गई है। वेलस्पन समूह की नई इकाई आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के संकल्प को पूरा करने की कड़ी में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके लिए यह समूह इसलिए बधाई का पात्र है क्योंकि दो वर्ष के रिकॉर्ड समय में जमुनिया में यह संयंत्र बनाकर तैयार कर लिया गया।

Share:

Next Post

विधानसभा समितियों का नहीं हुआ गठन

Mon Dec 21 , 2020
भोपाल। प्रदेश के इतिहास में शायद ऐसा पहली बार हो रहा है कि पूरा साल बीत गया और विधानसभा समितियों का गठन ही नहीं हो पाया। वैसे तो ये समितियां सदन का लघु रूप मानी जाती हैं। सदन की बैठकें निर्धारित दिनों के लिए होती हैं, लेकिन ये समितियां पूरे समय काम करती हैं। इनका […]