भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

चेहरा दिखाया ज्योतिरादित्य का सीएम बना दिया कमलनाथ को

  • उपचुनाव का प्रचार पकडऩे लगा जोर… भांडेर में शिवराज ने कांग्रेस पर बोला हमला

भोपाल। दतिया जिले भांडेर में सभा को संबोधित करते हुए सीएम शिवराज सिंह चौहान ने पूर्व सीएम कमल नाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि वोट तो लोगों ने सिंधिया को देखकर दिया था, लकिन सीएम बनाते समय कमलनाथ को गद्दी सौंप दी। शिवराज ने कहा कि यह तो वही बात हुई कि जवान लड़की को दिखाओ और शादी किसी बूढ़ी से कर दो। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और राज्य सभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सभा में दिग्विजय सिंह और कमलनाथ पर जमकर निशाना साधा। उन्हें चंबल-ग्वालियर का असली गद्दार तक कह दिया। इसके साथ ही 42.8 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन और 16.64 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने भांडेर से उपचुनाव में भाजपा की उम्मीदवार रक्षा सिरौनिया को रिकॉर्ड मतों से जिताने का संकल्प भी दिलाया।

बिजली बिल माफ होंगे
शिवराज ने कहा कि कमलनाथ ने सभी योजनाएं बंद कर दी थीं। दिग्विजय और कमलनाथ को तकलीफ क्या थी। अब यह सभी चालू होंगी। वह तो गरीबों के 5 हजार रुपए के कफन का पैसा भी खा गए। अब शिवराज सिंह चौहान आ गया है। खाली हाथ नहीं आया है। 13 हजार भाई-बहनों को लाभ देने आया है। हम जनता के लिए राजनीति करते हैं। अगले महीने से एक ही महीने का बिजली का बिल चुकाना पड़ेगा। बिजली के पिछले बिल सारे खत्म कर देंगे।

एक रुपए में अनाज मिलेगा
शिवराज ने कहा कि जितने गरीब भाई-बहन हैं, हमने उनके लिए एक रुपए किलो की अनाज योजना बनाई है। लिख लें। 16 तारीख को दिन के 12 बजे एक रुपए किलो गेहूं देना शुरू कर दिया जाएगा। कोई गरीब अब मध्य प्रदेश में भूखा नहीं सोएगा। मध्य प्रदेश में गरीब की थाली कभी खाली नहीं रहेगी। हम कुर्सी पर बैठकर सत्ता का सुख लेने के लिए नहीं बने। सभी भर्तियों पर रोक हटा दी जाएगी। पुलिस भर्ती परीक्षा भी जल्द ही होगी।

गद्दार दिग्विजय और कमलनाथ हैं…
राज्यसभा सांसद सिंधिया ने भी कमलनाथ और दिग्विजय पर जमकर निशाना साधा। कहा- मैं 13 साल की उम्र में भांडेर आया था। यह राजनीतिक संबंध नहीं है। जीवनपर्यंत सेवा करता रहूंगा। एक सरकार ने सत्ता का खेल खेला। मध्यप्रदेश में हमारी भी सोच थी कि 15 साल विपक्ष में रहने के बाद शिवराज सिंह ने विकास की जो लंबी लकीर खींची है, उससे लंबी हम करेंगे। सिंधिया परिवार के मुखिया को कभी भी राजनीति और कुर्सी से मोह नहीं है। आपने पिछले चुनाव में कांग्रेस को केवल अपना वोट ही नहीं दिया। अपना प्यार दिया, दिल दिया और विश्वास भी दिया। पहली बार यहां की 34 में से 26 सीट कांग्रेस की झोली में गई थी। अगर कमलनाथ मुख्यमंत्री बने, तो सिर्फ यहां से बने। ऐसा मुख्यमंत्री बना, जिसने 15 महीने में बल्लभ भवन से बाहर कदम नहीं रखा। गद्दार हम नहीं हैं। सुन ले गद्दार दिग्विजय सिंह और कमलनाथ हैं। उन्होंने जनता के साथ धोखा किया है। इस बार जनता उन्हें अच्छे से सबक सिखाएगी।

Share:

Next Post

मीटिंग छोड़ मैदान में उतरे कमलनाथ

Mon Sep 14 , 2020
40 साल की राजनीति में पहली बार कर रहे ऐसे प्रचार भोपाल। उपचुनाव के दिन जैसे जैसे नजदीक आ रहे हैं। राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ती जा रही है। प्रदेश की सत्ता से हाथ धो लेने वाले कमलनाथ इस बार लीग से हटकर रणनीति करते नजर आ रहे हैं। यानी कॉन्फ्रेंस हॉल और राउंड टेबल की पॉलिटिक्स […]