
भोपाल। जिस तरह से कमलनाथ ने इमरती देवी के लिए अपशब्दों का प्रयोग किया है। उनको जिस तरह से अपमानित किया है, यह संस्कार तो कांग्रेस के ही हो सकते हैं। कमलनाथ तो रावण से भी बड़े कुसंस्कारी निकले, जो एक महिला मंत्री का अपमान करने के बाद भी अपने किए पर अफसोस नहीं जता रहे हैं। यह बात भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कही। शर्मा ने कहा कि ये वही कमलनाथ हैं, जो पहले भी महिलाओं को सजावट की वस्तु कह चुके हैं। ये यूथ कांग्रेस के समय के वही कमलनाथ हैं, जब इनकी यूथ कांग्रेस के लोग गुंडागर्दी के लिए जाने जाते थे और इनके ही एक पदाधिकारी ने नैना साहनी के शव को काट-काट कर तंदूर में डाल दिया था। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस और उनके नेता कमलनाथ बौखला रहे हैं। उनको हार का डर सता रहा है तो वे महिलाओं के अपमान पर उतर आए हैं। बहन इमरती देवी कमलनाथ कैबिनेट में भी मंत्री रहीं थीं, लेकिन उन्होंने कमलनाथ की लंका को आग लगाकर भाजपा का दामन थामा। वे अब भारतीय जनता पार्टी की सरकार में मंत्री हैं, लेकिन कमलनाथ को उनका नाम याद नहीं आ रहा है। ये कमलनाथ नहीं बोल रहे हैं यह तो उनके संस्कार बोल रहे हैं, उनकी पार्टी के संस्कार बोल रहे हैं।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved