
छतरपुर। पर्यटन नगरी खजुराहो ने एक बार फिर देशभर में अपनी पहचान मजबूत की है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) के वर्ष 2026 के राष्ट्रीय सेवा एवं ग्राहक संतुष्टि सूचकांक सर्वे में खजुराहो एयरपोर्ट को देश का सर्वश्रेष्ठ एयरपोर्ट घोषित किया गया है। राजधानी भोपाल का राजा भोज एयरपोर्ट तीसरे स्थान पर रहा। इससे पहले दिसंबर 2025 में भी खजुराहो एयरपोर्ट ने देश में पहला स्थान हासिल किया था।
हालांकि, इस उपलब्धि के साथ एक बड़ा सवाल भी खड़ा हो गया है। वर्तमान में जुलाई और अगस्त के दौरान खजुराहो एयरपोर्ट से एक भी नियमित कमर्शियल फ्लाइट का संचालन नहीं हो रहा है। ऐसे में स्थानीय लोग सर्वे की प्रासंगिकता पर सवाल उठा रहे हैं। खजुराहो एयरपोर्ट के निदेशक संतोष सिंह ने बताया कि यह उपलब्धि पूरे एयरपोर्ट स्टाफ की मेहनत और यात्रियों के भरोसे का परिणाम है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, सुरक्षा, यात्री सुविधाओं और सेवा की गुणवत्ता जैसे मानकों पर खजुराहो एयरपोर्ट ने देश में पहला स्थान प्राप्त किया है।
खजुराहो के होटल संचालक एवं स्थानीय निवासी राजीव शुक्ला ने कहा कि लगातार दूसरी बार एयरपोर्ट का देश में नंबर-1 बनना गर्व की बात है, लेकिन यह भी विडंबना है कि पिछले दो महीनों से यहां एक भी यात्री विमान नहीं आया। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट की रैंकिंग अच्छी है, लेकिन जब उड़ानें ही नहीं होंगी तो पर्यटन और स्थानीय व्यापार कैसे बढ़ेगा। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से नियमित फ्लाइट शुरू कराने के प्रयास तेज करने की मांग की।
एयरपोर्ट निदेशक संतोष सिंह ने स्पष्ट किया कि ग्राहक संतुष्टि का सर्वे उस समय किया गया था, जब एयरपोर्ट पर नियमित फ्लाइट संचालन हो रहा था। वर्तमान में एयरपोर्ट पर निर्माण और अन्य तकनीकी कार्य चल रहे हैं, जिसके कारण दो महीने से कमर्शियल उड़ानें बंद हैं। उन्होंने कहा कि कार्य पूरा होने के बाद उड़ानें फिर शुरू होंगी। एयरपोर्ट प्रबंधन का उद्देश्य भविष्य में भी यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved