खेल

कर्स्टन ने शानदार यादें देने के लिए धोनी को दिया धन्यवाद

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कोच गैरी कर्स्टन ने भारतीय टीम के साथ अपने कार्यकाल के दौरान शानदार यादें देने के लिए पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को धन्यवाद दिया।

दक्षिण अफ्रीका के इस पूर्व सलामी बल्लेबाज कर्स्टन ने ट्वीट किया,”मुझे सबसे अच्छे कप्तानों में से एक के साथ काम करने का शानदार अनुभव है।भारतीय क्रिकेट टीम के साथ कई शानदार यादें देने के लिए धन्यवाद एमएस धोनी।”

बता दें कि कर्स्टन के कोच रहते हुए ही धोनी की कप्तानी में भारतीय टीम ने 28 साल बाद 2011 में विश्व कप का खिताब जीता था। 52 साल के कर्स्टन 2008 से 2011 तक भारतीय टीम के कोच थे।

विकेटकीपर बल्लेबाज धोनी क्रिकेट की दुनिया के इकलौते ऐसे कप्तान रहे है जिन्होंने आईसीसी के सभी खिताब जीते हैं। धोनी की कप्तानी में भारत ने दक्षिण अफ्रीका में वर्ष 2007 में आयोजित टी20 विश्व कप के पहले संस्करण का खिताब जीता था। इसके बाद धोनी के नेतृत्व में भारत ने 2011 में 28 साल बाद एकदिनी विश्व कप का खिताब जीता।

वहीं, वर्ष 2013 में भारत धोनी की कप्तानी में इंग्लैंड में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी का भी खिताब जीता। इसी के साथ धोनी तीनों आईसीसी खिताब जीतने वाले पहले कप्तान बने। विकेट के पीछे सबसे तेज, धोनी के पास 195 अंतरराष्ट्रीय स्टंपिंग हैं, जो किसी भी विकेट कीपर द्वारा सबसे अधिक स्टम्पिंग है। धोनी ने 350 एकदिवसीय मैच खेले हैं, जिसमें श्रीलंका के खिलाफ 183 रन उनका सर्वोच्च स्कोर है।

दिसंबर 2014 में, धोनी ने टेस्ट से संन्यास की घोषणा की और रिद्धिमान साहा को आगे आने का मौका दिया। धोनी ने अपने टेस्ट करियर में 90 टेस्ट खेले हैं और 38.09 के औसत से 4,876 रन बनाए हैं।

धोनी ने 15 अगस्त को अपने संन्यास की घोषणा करते हुए इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया था, जिसके कैप्शन में लिखा था, “समर्थन के लिए बहुत बहुत धन्यवाद। मुझे 7 बजकर 29 मिनट के बाद रिटायर समझा जाए।” इस वीडियो में उन्होंने अमिताभ बच्चन की ‘कभी-कभी’ की फिल्म का गाना ‘मैं पल दो पल का शायर हूं’ गाने का उपयोग किया था।

इस वीडियो में धोनी ने भारतीय टीम में अपनी अविश्वसनीय यात्रा की तस्वीरों को शेयर किया, जिसमें न्यूजीलैंड के खिलाफ वर्ल्ड कप 2019 के सेमीफाइनल में उनका रन आउट होना भी शामिल था। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

धोनी के लिए मेरे दिल में बहुत ज्यादा सम्मान : ब्रेट ली

Tue Aug 18 , 2020
नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज ब्रेट ली ने पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को उनके शानदार अंतरराष्ट्रीय करियर की बधाई दी और कहा कि मैदान पर हुई लड़ाई के बावजूद धोनी के लिए उनके दिल में बहुत ज्यादा सम्मान है।” धोनी ने शनिवार की शाम अचानक संन्यास की घोषणा कर सभी को […]