
शहडोल। शहडोल जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र के टिकुरी गांव में जमीन विवाद को लेकर खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने खोडरी पंचायत के सचिव पुरन लाल साहू, उनकी पत्नी और पुत्र पर लाठी-डंडों से हमला करने का आरोप लगाया है। घटना में किसान सतेंद्र सिंह बरगाही और उनके पुत्र घायल हुए हैं, जबकि सतेंद्र को गंभीर चोट लगने पर जैतपुर अस्पताल से शहडोल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, रसमोहनी निवासी सतेंद्र सिंह बरगाही की टिकुरी गांव में स्थित भूमि को लेकर विवाद चल रहा है। आरोप है कि पंचायत सचिव पुरान लाल साहू खेत पर पहुंचे और फसल के बीच ट्रैक्टर का इंजन खड़ा कर दिया। सतेंद्र ने इसका विरोध किया तो सचिव, उनकी पत्नी और पुत्र ने मिलकर लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी।
जानकारी के बाद सतेंद्र की पत्नी और पुत्र रोहित मौके पर पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर डायल-112 की मदद से घायलों को जैतपुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सतेंद्र की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें शहडोल जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पीड़ित के पुत्र रोहित ने आरोप लगाया कि घटना की जानकारी देने जैतपुर थाने पहुंचने पर पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज नहीं की और इलाज कराने की बात कहकर लौटा दिया। उनका आरोप है कि आरोपी पंचायत सचिव होने के कारण पुलिस ने उनकी शिकायत पर तुरंत कार्रवाई नहीं की।
वहीं, जैतपुर थाना प्रभारी जय प्रकाश शर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि घायलों को पहले इलाज कराने की सलाह दी गई थी। बिजली बाधित होने के कारण एफआईआर की प्रक्रिया बीच में रुक गई थी, लेकिन बिजली आने के बाद प्रकरण दर्ज कर लिया गया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved