
इंदौर। रेलवे ट्रेनों में बेहतर सफाई व्यवस्था के दावे करता है, लेकिन शिप्रा एक्सप्रेस में सामने आई तस्वीरें इन दावों की हकीकत बयां कर रही हैं। ट्रेन में सफर कर रहे एक यात्री की सीट के नीचे इस्तेमाल किया हुआ डायपर और कचरा पड़ा मिला। गंदगी की तस्वीर साझा करते हुए यात्री ने रेलवे की सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाए और शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर नाराजगी जताई।
इंदौर से कोलकाता जाने वाली इंदौर-हावड़ा क्षिप्रा एक्सप्रेस (22911) में सफर कर रहे निकुंज जैन नाम के यात्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पोस्ट कर बताया कि सीट के नीचे का पूरा हिस्सा बेहद गंदा था। वहां इस्तेमाल किया हुआ डायपर और कचरा बिखरा पड़ा था। यात्री ने बताया कि उन्होंने रेलवे के हेल्पलाइन नंबर 9109901851 पर शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद रेलमदद ऐप पर शिकायत दर्ज करने की कोशिश की तो मेंटेनेंस के चलते ऐप पर शिकायत दर्ज करने की सुविधा भी उपलब्ध नहीं थी। यात्री ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, रेल मंत्रालय और रेलवे सेवा को टैग करते हुए इसे बेहद खराब सेवा बताया।
आधिकारिक अकाउंट से आया जवाब
मामला सोशल मीडिया पर पहुंचने के बाद रेलवे सेवा के आधिकारिक अकाउंट से जवाब दिया गया कि शिकायत को आवश्यक कार्रवाई के लिए डीआरएम रतलाम के पास भेजा गया है। इसके बाद डीआरएम रतलाम ने संबंधित अधिकारी को मामले को देखने के निर्देश दिए। संबंधित अधिकारी ने जवाब में शिकायत पर संज्ञान लेने और सुधारात्मक कार्रवाई शुरू करने की जानकारी दी, लेकिन सवाल यह है कि इंदौर से शुरू होने वाली ट्रेन में इंदौर में ही सफाई नहीं की गई। कचरे को सीटों के नीचे दबा दिया गया और किसी ने इस और ध्यान नहीं दिया। हद तो तब हो गई जब यात्री की शिकायत के बाद भी तुरंत कोई कार्रवाई नहीं हुई।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved