बड़ी खबर भोपाल न्यूज़ (Bhopal News) मध्‍यप्रदेश

महिला सशक्तिकरण में मध्यप्रदेश देश में अग्रणी: जेपी नड्डा

कहा-प्रधानमंत्री मोदी के पोषण अभियान के क्रियान्वयन में मध्यप्रदेश आगे

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष (National President of Bharatiya Janata Party) एवं सांसद जेपी नड्डा (JP Nadda) ने कहा कि महिला सशक्तिकरण (women empowerment) में मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) देश में अग्रणी है। पहले ठेकेदारों के माध्यम से पोषण आहार बनता था। अब प्रदेश में महिला स्व-सहायता समूह यह कार्य करेंगी। यह महिला सशक्तिकरण को नई दृष्टि एवं दिशा देगा। महिलाएं यहां प्रतिवर्ष लगभग 800 करोड़ रुपये का कार्य करेंगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इसके लिये बधाई के पात्र हैं।


भाजपा अध्यक्ष मंगलवार को देवास में आयोजित अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला स्व-सहायता समूहों के हितलाभ वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ महिला स्व-सहायता समूहों को पोषण आहार संयंत्र की चाबी सौंपी। उन्होंने महिला स्व-सहायता समूहों को बैंक लिंकेज के माध्यम से 300 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया। जल जीवन मिशन में कार्य करने के लिये महिलाओं को टूल किट प्रदाय किये गये। महिलाओं के संकुल स्तरीय संगठनों को पुरस्कृत किया गया। स्व-सहायता समूह की सफलता की कहानियों की पुस्तिका का विमोचन भी किया गया।

नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महिला सशक्तिकरण के लिये वर्ष 2018 में पोषण अभियान की शुरुआत की थी। इसके माध्यम से बच्चों और महिलाओं को पोषण आहार प्रदान कर सशक्त किया जा रहा है। देश में 74 लाख स्व-सहायता समूह गठित किये गये हैं, जिनमें 8 करोड़ बहनें कार्य कर रही हैं। मध्यप्रदेश में साढ़े तीन लाख स्व-सहायता समूह में 40 लाख बहने कार्य कर रही हैं। प्रदेश में आगामी 3 वर्षों में 25 लाख बहनें स्व-सहायता समूह से और जुड़ेंगी। महिला समूहों को एक वर्ष में 2525 करोड़ रुपये का ऋण न्यूनतम ब्याज दर पर दिया जायेगा। यह निश्चित रूप से महिला सशक्तिकरण को नये आयाम देगा।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मध्यप्रदेश में महिला-पुरुष अनुपात में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। पहले एक हजार पर 918 बेटियाँ पैदा होती थी, अब उनकी संख्या बढ़कर 958 हो गई है। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में महिलाओं को 6 माह का प्रसूति अवकाश एवं 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। साथ ही मुफ्त ईलाज दिया जाता है। महिलाओं के सम्मान के लिये सरकार कृत-संकल्पित है। देश में 11 करोड़ इज्जत घर (शौचालय) एवं मध्यप्रदेश में 66 लाख इज्जत घर बनाये गये हैं। मध्यप्रदेश में 3 करोड़ 70 लाख महिलाओं को जन-धन खातों से जोड़ा गया हैं।

नड्डा ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में मध्यप्रदेश तेजी से तरक्की कर रहा है तथा उस तरक्की में महिलाओं की अहम भूमिका है। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

पूर्वानुमानों में भाजपा को बढ़त

Wed Mar 9 , 2022
– प्रमोद भार्गव पांच राज्यों में मतदान के बाद समाचार चैनलों ने एग्जिट पोल यानी निकटता के करीब पहुंचने वाले नतीजों ने भाजपा की तीन राज्यों और आम आदमी पार्टी की पंजाब में जीत निश्चित कर दी है। वहीं कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। उत्तर प्रदेश तीन दशक पुरानी […]