
धार। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के परिवहन इतिहास में लंबे इंतजार के बाद एक अहम उपलब्धि जुड़ गई है। धार (Dhar) और पन्ना जिलों (Panna) में हुए सफल रेल ट्रायल रन (Rail Trial Run) ने इन इलाकों को भारतीय रेलवे नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम साबित किया है।
मंगलवार को पन्ना जिले में नागौद और फुलवारी के बीच रेल सुरक्षा आयुक्त की मौजूदगी में ट्रायल रन किया गया। वहीं, धार में एक दिन पहले इंजन पीथमपुर से सागर होते हुए करीब 38 किलोमीटर का सफर तय कर स्टेशन तक पहुंचा। इन ट्रायल रन के दौरान लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह लोग कतारों में खड़े होकर इंजन का स्वागत करते नजर आए। जैसे ही ट्रेन स्टेशन पहुंची, लोगों ने फूल बरसाकर खुशी जाहिर की।
स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगी गति
जानकारी के अनुसार, 74 किलोमीटर लंबी सतना-पन्ना रेल लाइन इस क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। यह लाइन महत्वाकांक्षी ललितपुर-सिंगरौली परियोजना का हिस्सा है, जिससे व्यापार, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलने की उम्मीद है। पश्चिम मध्य रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक, ट्रायल रन की रिपोर्ट रेल सुरक्षा आयुक्त को सौंपी जाएगी, जिसके बाद आगे की प्रक्रिया तय होगी। अधिकारियों ने यह भी बताया कि फिलहाल ट्रायल डीजल इंजन से किया गया है, लेकिन भविष्य में इस रेल मार्ग का विद्युतीकरण किया जाएगा।
धार में उत्सव जैसा माहौल
धार में भी इस उपलब्धि को लेकर उत्सव जैसा माहौल रहा। केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर, पूर्व केंद्रीय मंत्री विक्रम वर्मा और विधायक नीना वर्मा और भाजपा नेता महंत नीलेश भारती ने पीथमपुर से धार तक इंजन में सफर किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।
केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर ने इसे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक पल बताते हुए कहा कि धार जिले की वर्षों पुरानी मांग अब पूरी होने जा रही है और आदिवासी क्षेत्र में पहली बार रेल सेवा शुरू होने का रास्ता साफ हुआ है। ‘रेल लाओ महा समिति’ के अध्यक्ष पवन जैन गंगवाल ने भी इस मौके पर इंजन का फूलों से स्वागत किया और पटाखे चलाकर खुशी जाहिर की।
बताया जा रहा है कि वर्ष 2008 में स्वीकृत इंदौर-दाहोद रेल परियोजना अब तेजी से आगे बढ़ रही है, जिसमें पीथमपुर-धार ट्रायल रन एक महत्वपूर्ण कड़ी है। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि इस रेल लाइन को आगे मुंबई से जोड़ा जाता है, तो क्षेत्र को और अधिक आर्थिक लाभ मिल सकेगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved