
इंदौर। इंदौर में ड्रग्स के खिलाफ पुलिस का ‘क्लीन’ अभियान लगातार जारी है। क्राइम ब्रांच ने सुलभ कॉम्प्लेक्स के पास शिवालय रोड इलाके में एक फॉरच्यूनर गाड़ी को घेराबंदी कर पकड़ा है। गाड़ी की तलाशी लेने पर जो मिला, उसने पुलिस को भी चौंका दिया। युवक के पास से MD ड्रग्स और डिजिटल तोल मशीन बरामद हुई है। आखिर यह युवक कौन है और इस बड़े नेटवर्क के पीछे कौन है।
इंदौर क्राइम ब्रांच की टीम शहर में संदिग्धों की तलाशी कर रही थी, तभी सुलभ कॉम्प्लेक्स के पास एक युवक फॉरच्यूनर गाड़ी में बैठा दिखा। पुलिस को देखते ही वह घबरा गया, जिसके बाद तलाशी में उसके पास से 11.12 ग्राम MD ड्रग्स और डिजिटल तोल मशीन मिली। आरोपी की पहचान मुसाखेड़ी निवासी नंदकिशोर वोरा उर्फ वंश के रूप में हुई है। आरोपी ने बताया कि वह कॉस्मेटिक शॉप में काम करता है और अवैध लाभ कमाने के लिए नशे का धंधा कर रहा था।क्राइम ब्रांच के लिए यह साल की एक बड़ी सफलता है। आंकड़ों पर नजर डालें, तो 1 जनवरी 2026 से अब तक क्राइम ब्रांच ने एनडीपीएस एक्ट के तहत 25 बड़े केस दर्ज किए हैं, जिसमें 39 तस्करों को सलाखों के पीछे भेजा गया है। पुलिस अब आरोपी वंश से पूछताछ कर उसके सप्लायर और ग्राहकों के नेटवर्क को खंगाल रही है।