img-fluid

चीन से मुकाबले का दम नहीं, भारत पर टैरिफ की धमकी देकर अमेरिका में ही घिरे ट्रंप, सांसदों ने लगाई फटकार

November 27, 2026

वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) एक बार फिर भारत पर टैरिफ (Tariffs on India) लगाने की धमकी देकर अपने ही देश में घिर गए हैं। ट्रंप प्रशासन ने भारत समेत 16 देशों के खिलाफ जांच शुरू करते हुए आयात शुल्क (Import duty) बढ़ाने का प्रस्ताव रखा है। इसके तहत भारतीय वस्तुओं पर 17 प्रतिशत शुल्क लगाने और व्यापार समझौता नहीं होने की स्थिति में इसे बढ़ाकर 25 प्रतिशत तक करने की योजना है। हालांकि, ट्रंप के इस कदम की अमेरिका में ही आलोचना शुरू हो गई है। अमेरिकी सांसदों ने सवाल उठाया है कि चीन से मुकाबला करने के बजाय ट्रंप भारत जैसे देशों को निशाना क्यों बना रहे हैं।

अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (यूएसटीआर) ने बुधवार को भारत से आयात होने वाली वस्तुओं पर 17 प्रतिशत शुल्क लगाने का प्रस्ताव रखा। एजेंसी का आरोप है कि भारत में औद्योगिक उत्पादन क्षमता जरूरत से ज्यादा बढ़ने के कारण अमेरिकी कंपनियों के हित प्रभावित हो सकते हैं। प्रस्ताव में कहा गया है कि भारत के साथ व्यापार समझौता नहीं होने की स्थिति में शुल्क बढ़ाकर 25 प्रतिशत किया जा सकता है।



  • 16 देशों की नीतियों की जांच

    रिपोर्टों के मुताबिक, अमेरिका पिछले कई महीनों से इस बात की जांच कर रहा है कि क्या भारत, चीन और ब्राजील समेत 16 देशों की नीतियां जरूरत से ज्यादा उत्पादन को बढ़ावा दे रही हैं। अमेरिकी प्रशासन का तर्क है कि अतिरिक्त उत्पादन के कारण वैश्विक बाजार में वस्तुओं की कीमतें गिरती हैं, जिससे अमेरिकी उद्योगों को नुकसान होता है। इस प्रस्ताव के दायरे में भारत के अलावा बांग्लादेश, चीन, कंबोडिया, इंडोनेशिया, सिंगापुर, स्विट्जरलैंड, थाईलैंड और वियतनाम समेत अन्य देश भी शामिल हैं।

    डेमोक्रेट्स ने महंगाई को लेकर घेरा

    ट्रंप प्रशासन के इस फैसले पर डेमोक्रेटिक सांसदों ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि ट्रंप की टैरिफ नीति का खामियाजा अमेरिकी नागरिकों को महंगाई के रूप में भुगतना पड़ रहा है। सांसदों के मुताबिक, रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी से आम लोगों की मुश्किलें बढ़ी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि थैंक्सगिविंग जैसे त्योहार पर भी कई अमेरिकियों के लिए खाने-पीने का सामान खरीदना मुश्किल हो रहा है।

    चक शूमर बोले- असली चुनौती चीन

    सीनेट में डेमोक्रेटिक नेता चक शूमर ने भी ट्रंप की व्यापार नीति पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अमेरिका के सामने असली चुनौती चीन है, लेकिन ट्रंप उससे निपटने के बजाय अपने सहयोगी देशों के खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं। शूमर के अनुसार, इस नीति से अमेरिका के सहयोगी उससे दूर हो रहे हैं और अमेरिकी नागरिकों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।

    वहीं, पेंसिल्वेनिया के गवर्नर जोश शापिरो ने भी अमेरिका की मौजूदा स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि देश अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलग-थलग पड़ गया है और उसकी वैश्विक साख कमजोर हुई है। अमेरिकी सांसदों की इन प्रतिक्रियाओं से स्पष्ट है कि ट्रंप की टैरिफ नीति को लेकर घरेलू स्तर पर भी असहमति बढ़ रही है।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved