
सीहोर। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले (Sehore district) के आष्टा क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। जहां ग्राम बापचा से नहाने के लिए ग्राम बागेर स्थित मुरम खदान पहुंचे दो 12 वर्षीय बच्चों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। इस ह्रदय विदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में मातम पसर गया। मृतक बच्चों के परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के मुताबिक मृतकों की पहचान समर पुत्र जितेंद्र 12 वर्ष निवासी बापचा दोनिया तथा समर पिता संतोष लगभग 12 वर्ष निवासी बापचा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे मुरम खदान में बने पानी से भरे गड्ढे में नहा रहे थे। इसी दौरान वे गहराई में चले गए और डूब गए।
सूचना मिलते ही परिजन दोनों बच्चों को सिविल अस्पताल लाए जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। आपको बता दें कि बीती रात आष्टा के ग्रामीण क्षेत्रों में भारी बारिश हुई है जिसके कारण क्षेत्र के सभी नदी नाले उफान पर है और कई गांवों का संपर्क टूट गया है वही तालाब, तलाई पानी से भरा गए हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved