
भोपाल। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) की मोहन यादव सरकार (Mohan Yadav Government) ने विकास, बुनियादी ढांचे के विस्तार और जनकल्याण से जुड़े प्रस्तावों के लिए करीब 7,000 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है. सोमवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (Chief Minister Dr. Mohan Yadav) की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए।
इनमें ओंकारेश्वर के एकात्म धाम में अद्वैत लोक के निर्माण के लिए 2,278.99 करोड़ रुपये की मंजूरी सबसे बड़े प्रस्तावों में शामिल है. इसके अलावा दूध उत्पादन बढ़ाने और देसी मवेशियों की नस्ल सुधारने के लिए गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना लागू करने का फैसला लिया गया।
कैबिनेट के फैसलों की जानकारी देते हुए सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य कश्यप ने बताया कि सरकार ने सहकारी बैंकों की आर्थिक स्थिति सुधारने, बिजली से वंचित घरों तक बिजली पहुंचाने और खनिज अन्वेषण को बढ़ावा देने से जुड़े प्रस्तावों को भी मंजूरी दी है।
दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना
कैबिनेट ने प्रदेश में दूध उत्पादन को बढ़ावा देने और देसी मवेशियों की नस्ल सुधारने के लिए गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना लागू करने की मंजूरी दी है। इस योजना का उद्देश्य गांवों में पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित करना है. साथ ही देसी पशुओं की बेहतर नस्ल को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया जाएगा।
अद्वैत लोक के निर्माण के लिए 2,278.99 करोड़ रुपये
ओंकारेश्वर के एकात्म धाम में वेदांत पीठ की स्थापना के तहत अद्वैत लोक का निर्माण किया जाएगा. इसके लिए कैबिनेट ने 2,278.99 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। यह राशि 16वें वित्त आयोग की अवधि यानी 2026-27 से 2030-31 तक के लिए स्वीकृत की गई है. अद्वैत लोक परियोजना के जरिए ओंकारेश्वर को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है।
नौ कमजोर सहकारी बैंकों को 325 करोड़ की मदद
कैबिनेट ने प्रदेश के नौ कमजोर जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों की वित्तीय स्थिति सुधारने के लिए 325 करोड़ रुपये की शेयर पूंजी सहायता को मंजूरी दी है। इसका उद्देश्य इन बैंकों की आर्थिक स्थिति मजबूत करना और उनकी कार्यक्षमता में सुधार करना है। इसके अलावा बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि ऋण सहकारी समितियों (PACS) के चुनाव की समय-सीमा एक साल और बढ़ाने का फैसला लिया गया है।
46 हजार से ज्यादा घरों तक पहुंचेगी बिजली
केंद्र सरकार की RDSS योजना के पहले चरण के तहत प्रदेश की 1,834 बस्तियों में बिजली पहुंचाने के लिए 193.72 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इस योजना के तहत 46 हजार से अधिक ऐसे घरों और 54 सरकारी एवं सार्वजनिक संस्थानों तक बिजली पहुंचाई जाएगी, जहां अभी तक बिजली की सुविधा उपलब्ध नहीं है।
खनिज अन्वेषण के लिए राज्य खनिज निगम को जिम्मेदारी
कैबिनेट ने मध्य प्रदेश राज्य खनिज निगम लिमिटेड को खनिज अन्वेषण नीति लागू करने वाली एजेंसी नियुक्त करने की मंजूरी दी है। इस फैसले से प्रदेश में खनिज संसाधनों की खोज और अन्वेषण से जुड़ी गतिविधियों को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
सामान्य प्रशासन विभाग की योजनाओं के लिए 3,059 करोड़
कैबिनेट ने 16वें वित्त आयोग की अवधि 2026-27 से 2030-31 तक सामान्य प्रशासन विभाग की 23 योजनाओं को जारी रखने के लिए 3,059.7 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री विवेकाधीन अनुदान योजना को भी जारी रखने की मंजूरी दी गई है. इसके लिए 1,165 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इस तरह कैबिनेट बैठक में बुनियादी सुविधाओं, पशुपालन, सहकारिता, बिजली और धार्मिक-सांस्कृतिक विकास से जुड़े कई प्रस्तावों को मंजूरी मिली है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved