बड़ी खबर भोपाल न्यूज़ (Bhopal News) मध्‍यप्रदेश

मप्र ने वैक्सीनेशन में फिर बनाया रिकार्ड, एक दिन में लगे 15 लाख डोज

भोपाल। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) में दिसंबर अंत तक शत प्रतिशत पात्र नागरिकों को कोविड-19 से सुरक्षा प्रदान के उद्देश्य से वैक्सीनेट करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी के तहत प्रदेश में गुरुवार को टीकाकरण महाअभियान (vaccination campaign) चलाया गया। इस दौरान सुबह से शाम तक करीब 15 लाख से अधिक लोगों का टीकाकरण किया गया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Chief Minister Shivraj Singh Chouhan) ने प्रदेश की जागरूक जनता को ह्रदय से धन्यवाद दिया है, जिनके सहयोग से आज टीकाकरण महाअभियान-10 को व्यापक सफलता मिली।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना संक्रमण से सुरक्षा कवच प्रदान करने के लिए एक दिन में 15 लाख वैक्सीन की डोज लगाकर एक बार फिर से प्रदेश ने रिकार्ड कायम किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शत-प्रतिशत टीकाकरण के लिए निरंतर चलाये जा रहे महाअभियानों से हम शीघ्र ही शत-प्रतिशत पात्र लोगों को वैक्सीन की दोनों डोज लगाना सुनिश्चित कर लेंगे। इस महत्वपूर्ण कार्य में जनता का सहयोग भी जरूरी है। गुरुवार, 16 दिसंबर को चलाये गये टीकाकरण महाअभियान में रात्रि 9 बजे तक 14 लाख 89 हजार 331 नागरिकों को वैक्सीन की डोज लगाई जा चुकी है। प्रदेश को मिली इस उपलब्धि में मध्यप्रदेश के जन-भागीदारी मॉडल ने अहम रोल अदा किया है।


मुख्यमंत्री ने कहा, हमारा लक्ष्य है कि जल्द से जल्द मध्यप्रदेश के सभी नागरिकों को कोविड वैक्सीन की दोनों डोज लग जाए। इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रदेश में टीकाकरण महाअभियान की श्रृंखला चलाई जा रही है। उन्होंने आज के टीकाकरण महाअभियान को सफल बनाने के लिए जन-प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों, क्राइसिस मैनेजमेंट कमेटियों, जन-अभियान परिषद के कार्यकर्ताओं सहित स्वास्थ्य विभाग के अमले के प्रति आभार व्यक्त किया।

प्रदेश में गुरुवार को 11 हजार से अधिक टीकाकरण केन्द्रों पर वैक्सीन लगाने की सभी व्यवस्थाएँ की गई थीं। केन्द्रों पर सुबह 9 बजे से टीका लगवाने के लिये लोगों का आना शुरू हुआ, जो दिन भर चलता रहा। जन-समुदाय की भागीदारी से टीकाकरण महाअभियान को व्यापक सफलता मिली। अब तक प्रदेश में 5 करोड़ 18 लाख 5 हजार 926 नागरिकों को वैक्सीन की प्रथम डोज और 4 करोड़ 52 लाख 42 हजार 372 नागरिकों को वैक्सीन की दोनों डोज लगाई जा चुकी हैं। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

वित्त मंत्री ने बजट पूर्व उद्योग मंडलों के साथ किया विचार-विमर्श

Fri Dec 17 , 2021
– उद्योग जगत ने बजट में सुधारों को आगे बढ़ाने के साथ स्थिरता पर दिया जोर नई दिल्ली। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Finance Minister Nirmala Sitharaman) ने अलग-अलग सेक्टर के लोगों से वित्त वर्ष 2022-23 के आम बजट (General budget for the financial year 2022-23) को लेकर बातचीत शुरू कर दी है। बजट से पहले […]