बड़ी खबर भोपाल न्यूज़ (Bhopal News) मध्‍यप्रदेश

MP ने टीकाकरण में फिर बनाया रिकार्ड, एक दिन में लगे 12.58 लाख से अधिक डोज

मुख्यमंत्री ने दी बधाई, कहा- टीकाकरण महाअभियान में जनभागीदारी ने फिर दिया नया मुकाम

भोपाल। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) में दिसंबर अंत तक शत-प्रतिशत पात्र नागरिकों को वैक्सीनेट करने के लक्ष्य को पूरा करने के उद्देश्य से बुधवार को टीकाकरण महाअभियान (vaccination campaign) संचालित किया गया। इसके तहत सुबह 9 से रात 9 बजे तक रिकार्ड 12 लाख 58 हजार से अधिक लोगों को वैक्सीन के डोज लगाए गए। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Chief Minister Shivraj Singh Chouhan) ने टीकाकरण महाअभियान में रिकार्ड वैक्सीनेशन के लिए प्रदेश की जनता को बधाई दी है।

चौहान ने कहा कि प्रदेश में शत-प्रतिशत टीकाकरण के लिए निरंतर चलाये जा रहे महाअभियानों से हम शीघ्र ही शत-प्रतिशत पात्र लोगों को वैक्सीन की दोनों डोज लगाना सुनिश्चित कर लेंगे। इस महत्वपूर्ण कार्य में जनता का सहयोग भी जरूरी है। आज बुधवार को चलाए गए टीकाकरण महाअभियान में रात्रि 9 बजे तक 12 लाख 58 हजार 125 नागरिकों को वैक्सीन की डोज लगाई जा चुकी है। प्रदेश को मिली इस उपलब्धि में मध्यप्रदेश का जनभागीदारी मॉडल अहम रहा है।


मध्य प्रदेश में आज 11 हजार से अधिक टीकाकरण केन्द्रों पर वैक्सीन लगाने की सभी व्यवस्थाएँ की गई थीं। केन्द्रों पर सुबह 9 बजे से टीका लगवाने के लिए लोगों का आना शुरू हुआ, जो दिनभर चलता रहा। जनसमुदाय की भागीदारी से टीकाकरण महाअभियान को व्यापक सफलता मिली। प्रदेश में अब 5 करोड़ 15 लाख 21 हजार 933 नागरिकों को वैक्सीन की प्रथम डोज और 4 करोड़ 7 लाख 92 हजार 205 नागरिकों को वैक्सीन की दोनों डोज लगाई जा चुकी है।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि हमारा लक्ष्य दिसंबर अंत तक प्रदेश के सभी नागरिकों को कोविड वैक्सीन की दोनों डोज लगाना है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए आगामी 16 और 22 दिसंबर को पुन: टीकाकरण महाअभियान संचालित किया जाएगा। इसमें मंत्री से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक के जन-प्रतिनिधि सहित सामाजिक संस्थाएं, स्वयंसेवी संस्था, कोरोना वॉलेंटियर्स के साथ धर्म गुरुओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। सभी वर्ग टीकाकरण के लिए प्रेरक बन रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने आज के टीकाकरण महाअभियान को सफल बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों, क्राइसिस मैनेजमेंट कमेटियों, जन-अभियान परिषद के कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आगामी महाअभियानों में भी इसी प्रकार का सहयोग देकर प्रदेश को कोरोना संक्रमण के विरुद्ध सुरक्षा कवच प्रदान करने में सहयोग करें।

स्वास्थ्य मंत्री चौधरी ने दी बधाई
लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी ने कोविड टीकाकरण महाअभियान की सफलता पर टीकाकरण से जुड़े अधिकारी-कर्मचारियों के कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के साथ अन्य विभागों के ग्राम-स्तर से लेकर जिला-स्तर तक पदस्थ अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा सक्रिय सहयोग किया गया। हम शीघ्र ही जनसहयोग से वैक्सीनेशन के लक्ष्य को प्राप्त करेंगे। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

ओरछाः दूल्हा बने श्री रामराजा सरकार, भव्य बारात का घर-घर हुआ स्वागत

Thu Dec 9 , 2021
– सशस्त्र पुलिस बल के जवानों द्वारा दी गई सलामी, प्रभारी मंत्री भार्गव ने तिलक कर पालकी उठाई निवाड़ी। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल ओरछा (tourist places orchha) में बुधवार को विवाह पंचमी के मौके पर श्री रामराजा सरकार (Shri Ramraja Sarkar) दूल्हा बने। खजूर की पत्तियों का मुकुट पहनकर देर […]