बड़ी खबर मध्‍यप्रदेश

मप्रः अगले वर्ष से प्रारंभ किया जाएगा बुधनी महोत्सव : शिवराज

नर्मदा जयंती पर मुख्यमंत्री ने बुधनी घाट पर की मां नर्मदा की पूजा-अर्चना, कहा-बुधनी को मिनी स्मार्ट सिटी बनाने के लिये मास्टर प्लान तैयार करें

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अगले वर्ष से बुधनी महोत्सव प्रारंभ किया जायेगा, जो नर्मदा जयंती के अवसर पर आयोजित होगा। यह बातें उन्होंने शुक्रवार रात को बुधनी में कही। दरअसल, मुख्यमंत्री चौहान आज रात्रि में बुधनी पहुंचे और यहां उन्होंने नर्मदा जयंती के अवसर पर माँ नर्मदा का पूजन किया और सभी की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बुधनी को मिनी स्मार्ट सिटी बनाने के लिये मास्टर प्लान तैयार कराया जा रहा है। बुधनी में लगभग 15 करोड़ की लागत से सुपर स्पेशलिटी शासकीय चिकित्सालय का निर्माण कराया जायेगा। हर घर में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जायेगी। उन्होंने बताया कि बुधनी घाट पर स्वागत द्वार बनायेंगे और फ्लाई ओवर का सौंदर्यीकरण भी किया जायेगा। इसके साथ ही नया थाना भवन और तहसील स्टॉफ क्वार्टर भी बनाये जायेंगे। खेल मैदान में लाईट व्यवस्था की जायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि शासकीय महाविद्यालय का नाम स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय किया जायेगा।


मुख्यमंत्री ने नागरिकों का आव्हान किया कि वे रोज एक पेड़ लगाने का संकल्प लें और उसकी सुरक्षा भी करें। उन्होंने बताया कि नर्मदा जयंती के अवसर पर उन्होंने भी प्रतिदिन एक पेड़ लगाने का क्रम शुरू किया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में शिक्षा को बढ़ावा देने के लिये अनेक योजनाएँ संचालित की जा रही हैं। गरीब परिवार के बच्चों को 12वीं परीक्षा में मेधावी छात्रों को लैपटाप दिये जायेंगे। इसके साथ ही उच्च शिक्षा के लिये भी बच्चों को प्रोत्साहित किया जायेगा।

मुख्यमंत्री ने बुधनी में कराये जाने वाले कार्यों का एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश कलेक्टर को दिये। उन्होंने कहा कि सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट को पूर्ण करने के साथ बुधनी में विकास कार्यों को गंभीरता से पूरा किया जाये। कार्यक्रम में विदिशा सांसद रमाकांत भार्गव, सुहागपुर विधायक विजय पाल, संभागायुक्त कवीन्द्र कियावत सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

बीकेयू प्रधान का हिसार में ऐलान, अब हरियाणा में नहीं होंगी किसान महापंचायत

Sat Feb 20 , 2021
तीनों बिल वापसी तक चलेगा आंदोलन हिसार। भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी ने कहा है कि हरियाणा में महापंचायतों का दौर बंद किया जाएगा। इसका कारण बताते हुए उन्होंने कहा कि किसान महापंचायतों के कारण बॉर्डर पर किसानों की संख्या कम हो रही है और लोग गांवों में महापंचायतों की ओर […]