बड़ी खबर भोपाल न्यूज़ (Bhopal News) मध्‍यप्रदेश

MP: मुख्यमंत्री आज भोपाल से करेंगे टीकाकरण महाअभियान-2 का शुभारंभ

भोपाल। मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) में कोरोना से बचाव (Corona prevention) के लिए टीकाकरण महाअभियान-2 (Vaccination campaign-2) की शुरुआत आज बुधवार से की जा रही है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Chief Minister Shivraj Singh Chouhan) भोपाल से इसकी शुरुआत करेंगे।

दो दिन चलने वाले इस महाअभियान में कोरोना वैक्सीन के द्वितीय डोज पर विशेष फोकस किया गया है। महाअभियान पहले दिन वैक्सीन की पहली और दूसरी डोज लगाई जायेगी। दूसरे दिन वैक्सीन का केवल दूसरा डोज ही लगेगा।


चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने इस संबंध में स्थल निरीक्षण किया। जवाहर चौक स्थित जैन मंदिर में होने वाले टीकाकरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री चौहान शामिल होंगे। मंत्री सारंग ने कार्यक्रम के आयोजन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश संबंधितों को दिए। स्थल निरीक्षण के समय सारंग के साथ पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता, कलेक्टर अविनाश लवानिया सहित जन-प्रतिनिधि एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री भोपाल में लेंगे वैक्सीनेशन कार्य का जायजा
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज से प्रदेश में दो दिवसीय वैक्सीनेशन महाअभियान प्रारंभ होने पर भोपाल के जवाहर चौक स्थित टीकाकरण केन्द्र में जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। मुख्यमंत्री चौहान स्थानीय काटजू अस्पताल में भी नागरिकों के टीकाकरण के कार्य का निरीक्षण करेंगे।

जबलपुर में मुख्यमंत्री करेंगे पंचायतों का सम्मान
मुख्यमंत्री चौहान दोपहर 1 बजे भोपाल से वायुयान द्वारा जबलपुर रवाना होंगे, जहाँ वैक्सीनेशन महाअभियान का निरीक्षण कर प्रशासनिक अधिकारियों, क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप के सदस्यों और जन-प्रतिनिधियों से चर्चा करेंगे। मुख्यमंत्री टीकाकरण केन्द्र पर भी जाएंगे और टीकाकरण जागरूकता कार्यक्रम में शामिल होंगे। साथ ही मुख्यमंत्री कोविड-19 अनुकम्पा नियुक्ति योजना में पात्र लोगों को नियुक्ति आदेश प्रदान करेंगे। मुख्यमंत्री शत-प्रतिशत टीकाकरण करने वाली पंचायतों का सम्मान भी करेंगे। वे कोरोना कंट्रोल एवं कमाण्ड सेंटर के निरीक्षण के पश्चात दोपहर बाद जबलपुर से वापस भोपाल के लिए रवाना होंगे।

मुख्यमंत्री ने प्रतिदिन दो बार की है एक-एक जिले की समीक्षा
मुख्यमंत्री चौहान ने बीता सम्पूर्ण सप्ताह प्रतिदिन दो बार वैक्सीनेशन महाअभियान-2 की तैयारियों की समीक्षा नियमित रूप से की है। नई दिल्ली जाकर केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री से मध्यप्रदेश को पर्याप्त वैक्सीन की आपूर्ति के संबंध में अनुरोध किया। प्रदेश के प्रत्येक जिले के कलेक्टर और अन्य अधिकारियों सहित सामाजिक संगठनों और क्राइसिस मैनेजमेंट कमेटियों के साथ चर्चा कर वैक्सीनेशन महाअभियान को सफल बनाने के लिए दिशा-निर्देश भी दिए हैं। प्रदेश में विभिन्न वर्गों के प्रमुख व्यक्तियों ने नागरिकों को वैक्सीन लगवाने की अपील की है। उत्साहजनक वातावरण के निर्माण के साथ इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य को सम्पन्न करने के पश्चात वैक्सीनेशन में मध्यप्रदेश की पहचान देश के अग्रणी प्रांत के रूप में विकसित होने की संभावनाएँ निर्मित हुई हैं।

Share:

Next Post

Xiaomi भारत में 3 सितंबर को लेकर आ रही ये दमदार फोन, जानें किन खूबियों से होगा लैस

Wed Aug 25 , 2021
लंबे समय से खबरे आ रही थी की स्‍मार्टफोन निर्माता कंपनी Xiaomi ने अपने लेटेस्‍ट फोन को लॉन्‍च करने वाली है । अब Redmi 10 Prime स्मार्टफोन भारत में 3 सितंबर को लॉन्च किया जाएगा, जिसकी जानकारी खुद कंपनी द्वारा कंफर्म कर दी गई है। कल ही Xiaomi ने अपने Redmi India ट्विटर अकाउंट पर […]