
जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर (Jabalpur) में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। रांझी थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस ट्रेनिंग सेंटर के सामने रामनगर में बदमाशों ने देर रात बमबाजी कर इलाके में दहशत फैला दी। बेखौफ बदमाशों ने रामनगर स्थित एक चाय-पान की दुकान को निशाना बनाते हुए एक के बाद एक 3 देशी बम फेंक दिए। इनमें से 1 बम फटने से क्षेत्र में जोरदार धमाका हुआ और अफरा-तफरी मच गई, हालांकि घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
मौके से 2 जिंदा बम बरामद
घटना की सूचना मिलते ही रांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से 2 जिंदा सूअरमार बम बरामद किए हैं। रांझी थाना टीआई उमेश गोहलानी ने बताया कि वारदात का मुख्य मकसद इलाके में दहशत फैलाना था। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved