
उज्जैन। महर्षि पाणिनि संस्कृत वैदिक विश्वविद्यालय (Sanskrit Vedic University) के दर्शन विभाग (philosophy department) द्वारा जूम मीट (zoom meeting) पर विशिष्ट व्याख्यान का आयोजन किया गया था। व्याख्यान के आधे घंटे बाद ही जूम मीटिंग को हैक (hack) कर लिया गया और कुछ विदेशी दिखाई देने लगे। इसके बाद इन विदेशियों ने जूम मीट पर अश्लील फिल्म (Obscene film) चला दी। मीट के दौरान अचानक हुए इस बदलाव से हड़कंप मच गया। तत्काल जूम से जुड़ीं महिलाएं और विशिष्ट लोग व्याख्यान से रिमूव हो गए। मामले में हैकर्स की शिकायत जूम पर करने के बाद अब विश्वविद्यालय प्रशासन साइबर सेल को भी शिकायती पत्र लिखेगा।
जानकारी के अनुसार महर्षि पाणिनि संस्कृत वैदिक विश्वविद्यालय के दर्शन विभाग द्वारा 13 अप्रैल को शाम 4 बजे से 5 बजे तक वेदांतो नाम उपनिषद प्रमाणम् विषय पर व्याख्यान का आयोजन ऑनलाइन जूम मीट पर किया था। व्याख्यान में विषय विशेषज्ञ के रूप में प्रो. धनंजय कुमार पांडेय हिंदू विश्वविद्यालय वाराणसी से जुड़े थे। इनके अलावा दिल्ली, इलाहाबाद से विशिष्टजन, विश्वविद्यालयों के कुलपति और महिला प्रोफेसर, रिसर्च स्कालर समेत करीब 77 लोग शामिल हो चुके थे। करीब 4.30 बजे अचानक विदेशी हैकर ने जूम मीट को हैक कर आपत्तिजनक विदेशी फिल्म अपलोड कर दी। कुछ देर फिल्म को हटाने का प्रयास किया। इसके बाद विश्वविद्यालय के आईटी शाखा प्रभारी संकल्प मिश्रा को जानकारी दी। इसके कुछ देर बाद दृश्य हटाकर विभागाध्यक्ष द्वारा क्षमा विज्ञापन पोस्ट किया गया। लेकिन, तब तक मीट से जुड़े लोग रिमूव हो गए थे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved