देश भोपाल न्यूज़ (Bhopal News) मध्‍यप्रदेश

मप्रः जिंदगी को खुशहाल और बेहतर बनाना हमारा लक्ष्य : सीएम शिवराज

– मुख्यमंत्री ने किया आहार अनुदान की 23 करोड़ 9 लाख रुपये राशि का अंतरण

कहा- सहरिया, बैगा और भारिया जनजाति के विकास और कल्याण के लिये कोई कसर नहीं छोड़ेंगे

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Chief Minister Shivraj Singh Chouhan) ने कहा कि विशेष पिछड़ी सहरिया, बैगा और भारिया जनजाति (Special Backward Saharia, Baiga and Bharia Tribes) की बहनों की जिंदगी को खुशहाल और बेहतर बनाना हमारा लक्ष्य है। रोटी, कपड़ा, मकान, पढ़ाई-लिखाई, दवाई और रोजगार का इंतजाम सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री चौहान शुक्रवार को मंत्रालय में सहरिया बैगा और भारिया जनजाति की महिलाओं को आहार अनुदान की राशि के वर्चुअल अंतरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में उन्होंने जनजातीय कार्य विभाग की आहार अनुदान योजना में 2 लाख 30 हजार 969 पात्र महिला हितग्राहियों को जनवरी 2022 की 23 करोड़ 9 लाख 69 हजार रुपये की राशि सिंगल क्लिक से अंतरित की।

राज्य शासन द्वारा इन तीन जनजाति वर्ग की महिलाओं को आहार अनुदान योजना में प्रतिमाह एक-एक हजार रुपये की राशि प्रदान की जा रही है। इस मौके पर जनजातीय कार्य मंत्री मीना सिंह, प्रमुख सचिव पल्लवी जैन उपस्थित थीं। कार्यक्रम में 14 जिलों की सहरिया, बैगा और भारिया जनजाति की बहनें वर्चुअली सम्मिलित हुई।

मुख्यमंत्री चौहान ने शहडोल जिले की रमनी बैगा एवं प्रेमिया बैगा, छिंदवाड़ा जिले की संगीता भारती और दतिया जिले की प्रभा सहरिया एवं श्रीमती गीता सहरिया से संवाद किया। उन्होंने बहनों को कोरोना महामारी से बचाव की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि सहरिया बैगा और भारिया जनजाति के विकास और कल्याण के लिए राज्य सरकार कोई कमी नहीं छोड़ रही है। बच्चों की पढ़ाई लिखाई से लेकर इलाज, आवास, गैस कनेक्शन, सस्ता राशन, पीने के पानी की व्यवस्था के साथ स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को रोजगार से भी जोड़ा जा रहा है।

जिलेवार आहार अनुदान राशि का विवरण
मुख्यमंत्री ने अनुपपुर जिले की 6074 महिलाओं को 60 लाख 74 हजार, अशोकनगर की 16,435 महिलाओं को 164 लाख 35 हजार, बालाघाट की 5740 महिलाओं को 57 लाख 40 हजार, छिंदवाड़ा की 7499 महिलाओं को 74 लाख 99 हजार, दतिया की 2182 महिलाओं को 21 लाख 82 हजार, डिंडोरी की 10,175 महिलाओं को 101 लाख 75 हजार, गुना की 18,151 महिलाओं को 181 लाख 51 हजार, ग्वालियर की 9238 महिलाओं को 92 लाख 38 हजार, मंडला की 11,627 महिलाओं को 116 लाख 27 हजार, मुरैना की 2212 महिलाओं को 22 लाख 12 हजार, शहडोल की 24,823 महिलाओं को 248 लाख 23 हजार, श्योपुर की 39,406 महिलाओं को 394 लाख 6 हजार, शिवपुरी की 54,400 महिलाओं को 544 लाख और उमरिया जिले की 23,007 महिलाओं को 230 लाख 7 हजार रुपये उनके खातों में अंतरित किये। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

मप्रः समूह द्वारा बांस उत्पादन महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम : शिवराज

Sat Jan 22 , 2022
मुख्यमंत्री ने चिड़ावद में सीएम राइज स्कूल का किया भूमिपूजन, कहा- बेटा और बेटी बराबर आएंगे, तभी चलेगा सृष्टि का चक्र भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Chief Minister Shivraj Singh Chouhan) ने कहा कि देवास जिले की महिला स्व-सहायता समूह की बहनों (Women self-help group’s sisters) ने बांस उत्पादन (bamboo production) करने का बीड़ा उठाया […]