देश मध्‍यप्रदेश

मप्रः लाड़ली लक्ष्मी योजना के फलस्वरूप बेटियों का अनुपात 927 से बढ़कर 956 हुआः शिवराज

– मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय बालिका दिवस पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाली महिलाओं को किया सम्मानित

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Chief Minister Shivraj Singh Chouhan) ने कहा कि उन्हें यह कहते हुए खुशी है कि पहले प्रदेश मे एक हजार पुरुषों पर 927 महिलाएं होती थीं, लेकिन लाड़ली लक्ष्मी योजना (Ladli Laxmi Yojana) के फलस्वरूप अब यह अनुपात बढ़कर एक हजार पुरुषों पर 956 महिलाओं का हो गया है। इस संख्या को सरकार बराबर करना चाहती है।

मुख्यमंत्री चौहान सोमवार शाम को ग्वालियर में राष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य में जीवाजी विश्वविद्यालय के अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित “सशक्त बालिका-सशक्त समाज-सशक्त मध्यप्रदेश” कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मातृ वंदना तथा लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत राशि का वितरण सिंगल क्लिक से किया गया। लाड़ली लक्ष्मी योजना के प्रमाण-पत्र एवं महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाली महिलाओं को सशक्त नारी सम्मान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया (वर्चुअल), प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, उद्यानिकी एवं खाद्य प्र-संस्करण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भारत सिंह कुशवाह, पूर्व मंत्री एवं लघु उद्योग निगम की अध्यक्ष इमरती देवी, जिला अध्यक्ष भाजपा (शहर) कमल माखीजानी, जिला अध्यक्ष भाजपा (ग्रामीण) कौशल शर्मा, जिला पंचायत प्रशासकीय समिति की अध्यक्ष मनीषा यादव, सफाई दूत सरस्वती तथा बड़ी संख्या में महिलाएं एवं बालिकाएं उपस्थित थीं।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि राष्ट्रीय बालिका दिवस 24 जनवरी को मनाया जाता है, जबकि बेटियों के लिये हर दिन, हर पल हो सकता है। उन्हें उचित स्थान मिले, इसके लिये सरकार ने पूरे प्रयास किए हैं। उन्होंने कहा कि बेटा-बेटी एक बराबर हैं। नारी केवल काम करने के लिये ही नहीं होती है, उन्हें भी जीने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि जब तक बेटा-बेटी को बराबर नहीं माना जायेगा, तब तक बेटी को आने से लोग रोकेंगे।

उन्होंने कहा कि महिलाओं एवं बेटियों के सशक्तिकरण के लिये राज्य सरकार ने अनेक बेटियों की पढ़ाई के लिये किताबें, साइकिल, गाँव की बेटी योजना, कॉलेज जाने पर पाँच हजार रुपये एवं बेटी के शादी योग्य हो जाने पर कन्या विवाह योजना शुरू की गई है। प्रसूता महिलाओं को संबल योजना में प्रसव के पूर्व चार हजार रुपये तथा बाद में 12 हजार रुपये दिए जाते हैं। अत: बेटी के जन्म से लेकर उसके विवाह होने तक सरकार द्वारा अनेक योजनाएँ चलाई गई हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में प्रदेश में 41 लाख लाड़ली लक्ष्मी हैं, जिसके फलस्वरूप अब माता-पिता के नजरिए में बदलाव आया है। अब लोग बेटा-बेटी में भेदभाव नहीं करते हैं।

मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि बेटियों की पढ़ाई में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने बताया कि कोरोना काल के दौरान आँगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं ने बेहतर काम किया है। आगे भी महिलाएँ किसी भी काम में पुरुषों से पीछे नहीं रहेंगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं के प्रति लोगों को सोच बदलनी होगी। अब महिलाएँ घरेलू हिंसा का शिकार नहीं होनी चाहिए तथा पुरुष प्रधान भावना को भी बदलने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से भी सशक्त किया जा रहा है। स्व-सहायता समूह में 33 लाख महिलाएँ जुड़ी हैं। इसी प्रकार शिक्षा विभाग में 50 प्रतिशत एवं पुलिस विभाग में 30 प्रतिशत आरक्षण बेटियों को दिया गया है। इसलिए हर क्षेत्र में बेटियाँ आगे बढ़ रही हैं।

मुख्यमंत्री ने किए हितलाभ वितरित
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री चौहान ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के 10 हजार हितग्राहियों के खातों में एक करोड़ 70 लाख रुपये की राशि की छात्रवृत्ति के सिंगल क्लिक से अंतरित की। इसी प्रकार 550 बालिकाओं को लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत 22 लाख रुपये अंतरित किए। कार्यक्रम में बेटियों को लाड़ली लक्ष्मी योजना के प्रमाण-पत्र एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाली महिलाओं को नारी शक्ति सम्मान से सम्मानित किया गया।

महिला सशक्तिकरण के लिए मप्र में चलाई जा रही योजनाओं का अन्य राज्यों ने किया अनुशरण
केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि प्रदेश स्तरीय राष्ट्रीय बालिका दिवस मनाने के लिये ग्वालियर को चुना गया है, यह सौभाग्य की बात है। मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता को वे अच्छी तरह से जानते हैं। गरीब की बेटी के हाथ पीले हों, इस बात का इंतजाम सरकार ने किया है। उन्हें पढ़ाया-लिखाया तथा बड़ी होने पर शादी की जिम्मेदारी भी सरकार ने ली है। उन्होंने कहा कि लाखों बेटियाँ देश की प्रगति में अपना योगदान दे रही हैं। मध्यप्रदेश की महिला सशक्तिकरण योजनाओं का अनुकरण अन्य राज्यों ने किया है।

उन्होंने कहा, सरकार की सोच रही है कि बेटी हर क्षेत्र में प्रगति करे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश को आत्मनिर्भर भारत के रूप में स्थापित करना चाहते हैं। इसमें बेटियां बढ़-चढ़कर भाग ले रही हैं। बेटियों ने हर क्षेत्र में प्रदेश एवं देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि बेटी पूजनीय है। आने वाला समय भारत का है। बेटियाँ उत्तरोत्तर प्रगति करें और भारत को ऊँचाइयाँ दें।

बेटियों ने धरती से अंतरिक्ष तक लहराया परचमः केन्द्रीय मंत्री सिंधिया
कार्यक्रम में वर्चुअल रूप से जुड़े केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि नारी तो नारायणी है। उन्होंने कहा कि यदि महिलाओं के काम में हस्तक्षेप बंद कर दिया जाए तो वे सशक्त बन सकेंगी। महिलाओं की प्रगति में सुरक्षा और स्वास्थ्य में असमानता बड़ी बाधाएं हैं। अगर ये असमानताएँ दूर हो जाएं तो महिलाएं किसी से कम नहीं है।

उन्होंने कहा कि बेटियां देश के लिये ही नहीं बल्कि पूरे विश्व के लिये लाड़ली लक्ष्मी हैं। घर से लेकर अंतरिक्ष तक बेटियां पुरुषों से पीछे नहीं रही हैं। खेलों के क्षेत्र में अब तक कुल 15 अंतरराष्ट्रीय पदकों में से 7 पदक बेटियों ने जीते हैं। ग्वालियर की बेटी ओमान में क्रिकेट की अंपायरिंग कर रही है।

केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि मध्यप्रदेश की महिला सशक्तिकरण योजनाएं देश के लिये एक उदाहरण है। मध्यप्रदेश में 40 लाख महिलाओं को विभिन्न योजनाओं में लाभान्वित किया गया है। उन्होंने सभी को बालिका दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी संबोधित किया। इसके अलावा ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर एवं उद्यानिकी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भारत सिंह कुशवाह ने भी अपने विचार व्यक्त किए। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

उत्तराखंड चुनाव: कांग्रेस ने जारी की 11 उम्मीदवारों की दूसरी सूची, रामनगर सीट से हरीश रावत उम्मीदवार

Tue Jan 25 , 2022
-हरक सिंह रावत की पुत्र वधू को भी कांग्रेस ने दिया टिकट देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव (uttarakhand assembly elections) के लिए कांग्रेस (congress) ने अपनी दूसरी सूची जारी कर दी, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत (Former Chief Minister Harish Rawat), हरक सिंह रावत की पुत्र वधू अनुकृति गुंसाईं समेत 11 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। […]