
भोपाल। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) में मानसून (Monsoon) का जोर लगातार बना हुआ है। प्रदेश के कई जिलों में मूसलधार बारिश (Torrential Rain) से नदी-नाले उफान पर हैं और कई जगह बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। मौसम विभाग (Meteorological Department) के अनुसार प्रदेश में अगले चार दिन तक भारी से अति भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। इस दौरान 24 घंटे में 4 से 8 इंच तक वर्षा होने की संभावना है। बुधवार के लिए श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, सागर और टीकमगढ़ में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, छतरपुर, दमोह, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, रायसेन, नर्मदापुरम, विदिशा, सीहोर, राजगढ़, आगर-मालवा, उज्जैन, इंदौर, धार, झाबुआ, नीमच और मंदसौर में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा भोपाल समेत कई अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं। लगातार बारिश के कारण पन्ना, छतरपुर और खंडवा सहित कई जिलों में जलभराव और बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। खजुराहो में कई संपर्क मार्ग बंद हो गए, जबकि नदियों का जलस्तर बढ़ने से लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई।
मंगलवार को प्रदेश के 29 जिलों में बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक करीब पौने दो इंच बारिश खजुराहो में हुई। धार में डेढ़ इंच से ज्यादा, राजगढ़ में सवा इंच, रतलाम और उज्जैन में करीब पौन इंच, जबकि भोपाल, सागर और खरगोन में लगभग आधा इंच वर्षा रिकॉर्ड की गई। सतना, सीधी, टीकमगढ़, बालाघाट, बैतूल, गुना, नर्मदापुरम, इंदौर, खंडवा, रायसेन, छिंदवाड़ा, दमोह, शाजापुर, सीहोर, विदिशा, जबलपुर, नौगांव, आगर-मालवा, मंदसौर, झाबुआ, पन्ना और हरदा समेत कई जिलों में भी अच्छी बारिश हुई।
लगातार वर्षा के कारण प्रदेशभर में मौसम सुहावना हो गया है और दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। इंदौर का अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री, जबलपुर 30.6 डिग्री, भोपाल 31 डिग्री, उज्जैन 31.5 डिग्री और ग्वालियर 33.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मलाजखंड सबसे ठंडा रहा, जहां अधिकतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
प्रदेश में अब तक 200.5 मिमी (करीब 8 इंच) बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो सामान्य वर्षा 191.3 मिमी से लगभग 5 प्रतिशत अधिक है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में सामान्य से 21 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई है, जबकि पूर्वी हिस्से में अभी भी 12 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। देवास इस सीजन का सबसे अधिक बारिश वाला जिला बना हुआ है। यहां सामान्य से 123 प्रतिशत अधिक यानी करीब 16 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई है। इंदौर में लगभग 13 इंच और भोपाल में 12 इंच वर्षा दर्ज की जा चुकी है। मौसम विभाग का कहना है कि जुलाई मानसून का सबसे सक्रिय महीना होता है और प्रदेश की कुल मौसमी बारिश का लगभग 40 प्रतिशत हिस्सा इसी महीने में दर्ज होता है। ऐसे में आने वाले दिनों में भी कई जिलों में तेज बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved