
उज्जैन। जिले में आत्महत्या और हादसों में होने वाली मौतों के आंकड़े चिंता बढ़ाने वाले हैं। जिला अस्पताल में बीते 10 महीनों में 290 शवों का पोस्टमार्टम किया गया। इनमें सबसे ज्यादा मामले जहर खाकर आत्महत्या करने वालों के रहे।
दूसरे नंबर पर फांसी लगाकर जान देने वालों के शव पोस्टमार्टम के लिए पहुंचे। इसके बाद सड़क दुर्घटनाओं में मौत और हत्या के मामले सामने आए। चौंकाने वाली बात यह है कि जहर खाकर और फांसी लगाकर आत्महत्या करने वालों में युवाओं की संख्या सबसे ज्यादा रही। चिकित्सकों के अनुसार बेरोजगारी, आर्थिक तंगी और कर्ज जैसे कारण कई मामलों में जिंदगी खत्म करने की वजह बन रहे हैं। रोजगार नहीं मिलना, आर्थिक जिम्मेदारियों का दबाव और कर्ज चुकाने की चिंता युवाओं को मानसिक तनाव की ओर धकेल रही है।
आत्महत्या के मामलों में युवा सबसे आगे
पोस्टमार्टम के लिए आने वाले शवों के आंकड़ों में आत्महत्या के मामले सबसे अधिक हैं। इनमें जहर खाकर जान देने वालों की संख्या पहले स्थान पर है, जबकि फांसी लगाकर आत्महत्या करने के मामले दूसरे स्थान पर हैं। चिकित्सकों के मुताबिक इन दोनों श्रेणियों में युवक-युवतियों के शव अधिक पहुंचे हैं। यह स्थिति युवाओं के बीच बढ़ते मानसिक और आर्थिक दबाव की ओर भी इशारा करती है।
सड़क हादसे और हत्या के मामले भी शामिल
जिला अस्पताल में हुए 290 पोस्टमार्टम में तीसरे नंबर पर सड़क दुर्घटनाओं में जान गंवाने वालों के मामले रहे। वहीं चौथे नंबर पर हत्या के मामलों में मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम किया गया। इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि आत्महत्या के साथ सड़क हादसे और आपराधिक घटनाएं भी असमय मौतों की बड़ी वजह बनी हुई हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved