खेल भोपाल न्यूज़ (Bhopal News) मध्‍यप्रदेश

मप्र महिला हॉकी टीम ने जीती 11वीं हॉकी इंडिया सीनियर राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप

– खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने टीम को दी बधाई

भोपाल। उत्तर प्रदेश के झांसी में खेली गई 11वीं हॉकी इंडिया सीनियर महिला नेशनल चैंपियनशिप-2021 में हॉकी मध्यप्रदेश की महिला टीम ने विजेता होने का गौरव हासिल किया। हॉकी मप्र ने शनिवार को फाइनल मुकाबले में हॉकी हरियाणा को 1-0 से पराजित किया। हॉकी पंजाब की टीम तीसरे स्थान पर रही। हॉकी मप्र की 18 सदस्यीय टीम में मप्र राज्य महिला हॉकी अकादमी की 15 खिलाड़ी शामिल हैं।

हॉकी मप्र की टीम की इस उपलब्धि पर खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने बधाई दी है। उन्होंने कहा कि टूर्नामेंट में हमारी अकादमी की खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। टीम फाइनल में पहुंची और खिताब पर कब्जा जमाया। यह इन खिलाड़ियों के अथक परिश्रम का परिणाम है। मध्यप्रदेश सरकार हॉकी के लिए देश में सर्वश्रेष्ठ सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। उनके प्रशिक्षक और सभी स्टाफ को खिताबी जीत पर बधाई। टीम की सभी खिलाड़ियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं।

चैम्पियनशिप का आयोजन हॉकी इंडिया द्वारा यूपी के झांसी में 21 से 30 अक्टूबर तक किया गया। शनिवार को हॉकी मप्र और हॉकी हरियाणा के बीच फाइनल मुकाबला खेला गया, जो कि काफी कशमकश भरा रहा। हॉकी हरियाणा ने मैच के पहले ही मिनट से ताबड़तोड़ हमले शुरू कर दिए। मैच के 9वें मिनट में मप्र हॉकी की टीम को पेनल्टी कॉर्नर मिला। इस पर कंचन निधि केरकेट्टा ने गेंद को गोल पोस्ट में डालते हुए टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद हरियाणा की टीम ने जवाबी हमले किए। मप्र की गोलकीपर नंदिनी कुशवाह ने शानदार बचाव करते हुए टीम के खिलाफ कोई गोल नहीं होने दिया। इस 1-0 के निर्णायक स्कोर के साथ ही हॉकी मप्र की टीम ने राष्ट्रीय सीनियर महिला चैंपियन होने का गौरव हासिल कर लिया। एक अन्य मुकाबले में हॉकी पंजाब ने हॉकी महाराष्ट्र को 2-1 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया।

अकादमी बनीं उम्मीद की किरण, लौट रहा हॉकी का नया युग: खेल मंत्री
प्रदेश की खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने कहा कि मध्यप्रदेश की दोनों हॉकी अकादमी परिणाम दे रही है। मप्र सरकार हमेशा से खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने में आगे रही है। हम अपने खिलाड़ियों को विश्व स्तरीय सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमारी पुरूष हॉकी अकादमी की सब जूनियर और जूनियर टीमों ने प्रथम हॉकी इंडिया इंटर अकादमी के खिताब हाल ही में जीते हैं। इसके ठीक बाद हमारी महिला खिलाड़ियों ने सीनियर वर्ग में खिताब जीतकर साबित कर दिया कि हम देश में सर्वश्रेष्ठ हॉकी का प्रदर्शन कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यह देश में हॉकी के एक नए युग की शुरूआत करने जैसा है। महिला हॉकी अकादमी के कोच परमजीत सिंह और पुरुष हॉकी टीम के कोच ओलंपियन समीर दाद ने खिलाड़ियों पर बहुत मेहनत की है। हमारे प्रशिक्षकों और स्टाफ को इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं।

उल्लेखनीय है कि रियो ओलंपिक-2016 और टोक्यो ओलंपिक-2020 में मप्र महिला हॉकी अकादमी से खिलाड़ियों का चयन भारतीय टीम में हुआ। वहीं, कांस्य पदक विजेता पुरूष टीम के खिलाड़ी विवेक सागर प्रसाद मप्र का प्रतिनिधित्व करते हैं।

हॉकी मप्र ने किए 51 गोल
इस महिला चैंपियनशिप में हॉकी मप्र ने शानदार प्रदर्शन किया और एक चैंपियन की तरह खेली। हॉकी मप्र की टीम ने पूरे चैंपियनशिप में कुल 51 गोल दागे। हॉकी मप्र ने सबसे बड़ी जीत गुजरात के खिलाफ 28-0 से दर्ज की। हॉकी मप्र के खिलाफ पूरे चैंपियनशिप में मात्र दो ही गोल हुए। मप्र की उपासना सिंह ने लीग मुकाबले में हॉकी बंगाल के खिलाफ हैट्रिक भी जमाई थी।

हॉकी मप्र का सफर
सेमीफाइनल विवि. हॉकी महाराष्ट्र 2-1
क्वार्टर फाइनल विवि. हॉकी झारखंड 5-1
लीग विवि. हॉकी बंगाल 15-0
लीग विवि. हॉकी गुजरात 28-0 (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

T20 World Cup : साउथ अफ्रीका ने श्रीलंका को 4 विकेट से हराया, हसरंगा की हैट्रिक

Sun Oct 31 , 2021
दुबई। शनिवार की रात टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup, South Africa VS Srilanka) के 25वें मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने श्रीलंका को 4 विकेट से हरा दिया है। वैसे, जीत के लिए 143 रनों के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका की टीम शुरु से ही लड़खड़ा गई। क्विंटन डी कॉक और […]