भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

काली कमाई से खरीदे मुख्तार ने एक दर्जन डंपर, जांच शुरू

  • लग्जरी कारों का शौकीन है गैंगस्टर,चार कारों की पुलिस को जानकारी मिली

भोपाल। फिरौती के लिए अपहरण,लूटपाट,हत्या और हत्या के प्रयास सहित सुपारी किलिंग जैसी संगीन वारदातों के बूते शहर में दहशत फैलाकर करोड़ों रूपए का सामराज्य खड़ा करने वाला मुख्तार मलिक पुलिस हिरासत में भीगी बिल्ली बन गया है। आरोपी पुलिस रिमांड पर है और हनुमानगंज पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
पूछताछ से बचने के लिए मुख्तार लगातार बहाने बना रहा है। कभी वह स्वयं को हार्ट पेश्यंट तो कभी डायबिटिक बताकर तबीयत बिगडऩे का हवाला देता है। हालांकि हनुमानगंज पुलिस के बाद में कोहेफिजा पुलिस उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। पुलिस सूत्रों का दावा है कि मुख्तार से 12 डंपरों की जानकारी मिली है। जिसका संचालन मुखतार की एक महिला रिश्तेदार व अन्य के नाम से किया जाता है। सभी डंबर रेत कारोबार में लगे हैं। वहीं पुलिस सूत्रों का यहां तक दावा है कि मुख्तार का एक आलीशान फ्लैट कोहेफिजा में है, उक्त फ्लैट भी उसके एक करीबी रिश्तेदार के नाम है। इसी प्रकार पुलिस मुख्तार की अन्य चल अचल संपत्त्तियों का ब्योरा जुटा रही है। भोपाल में उसके करीबी गुर्गे भी पुलिस की निगाह में हैं, उन्हें भी पूछताछ के लिए पुलिस हिरासत में ले सकती है।
जानकारी के अनुसार कुख्यात बदमाश गैंगस्टर मुख्तार मलिक के श्यामला हिल्स इलाके में अहाता रुस्तम खा स्थित मकान को तोडऩे की कार्रवाई बुधवार सुबह जिला प्रशासन और नगर निगम की टीम ने शुरू की। ये मकान मुख्तार की पत्नी शीबा मलिक के नाम पर है। दोमंजिला बने मकान को तोडऩे नगर निगम का अमला पहुंचा। शाम तक अमले ने जेसीबी और ड्रिलिंग मशीनों से मकान को जमींदोज कर दिया। मंगलवार को बदमाश मुख्तार को रायसेन के गौहरगंज स्थित ढाबे से गिरफ्तार किया गया था। बुधवार को कार्रवाई के दौरान पूर्व पार्षद और कांग्रेस नेता शाबिस्ता जकी भी कार्रवाई का विरोध करने पहुंच गईं। नगर निगम और जिला प्रशासन के अफ सरों से कहासुनी के बाद पुलिस ने शाबिस्ता जकी को हिरासत में ले लिया और श्यामला हिल्स थाने में बिठा लिया। सूत्रों का कहना है कि पिछले एक सप्ताह से मलिक के अवैध मकान को तोडऩे की प्लानिंग जिला प्रशासन और नगर निगम की टीम कर रही थी। लेकिन मुख्तार की गिरफ्तार नहीं होने के चलते ये कार्रवाई को रोक दिया गया था। अमला जेसीबी और ड्रिलिंग मशीनें लगाकर मकान को जमींदोज करने में जुटा है। गुरुवार को भी कार्रवाई जारी रही।

शाबिस्ता जकी का दावा- मकान मुख्तार मलिक का नहीं
कांग्रेस नेता आसिफ जकी और पूर्व पार्षद शबिस्ता जकी को पुलिस ने हिरासत में लिया है। दोनों लोग मुख्तार मालिक के मकान तोडऩे का विरोध कर रहे थे। पूर्व पार्षद शाबिस्ता जकी का कहना है कि इस मकान का न्यायालय में केस चल रहा है। इसलिए इसे तोडऩा असंवैधानिक है। उन्होंने कहा कि ये मकान फैसल हसन पिता नफ ीस हसन का है। इन्होंने मुख्तार मलिक से इस मकान को खरीद लिया था। साथ ही नगर निगम, बिजली कंपनी और अन्य जगहों पर सभी कागज अपने नाम कराने के लिए फैसल हसन आवेदन भी दे चुके हैं। हांलांकि पुलिस ने शबिस्ता जकी और उनके पति पर शासकीय कार्य में बाधा का मुकदमा दर्ज कर लिया है। दोनों के खिलाफ पूर्व में भी करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। उल्लेखनीय है कि 54 वर्षीय मुख्तार मलिक रायसेन जिले के गौहरगंज इलाके में फ रारी काट रहा था। पुलिस की एक विशेष टीम ने उसके जंगल पैराडाइज नामक ढाबे पर छापा मारा था। यहां आरोपी हमेशा अपने साथ हथियार रखता था। तलाशी लेने पर उसके पास एक पिस्टल, दो मैगजीन और 25 कारतूस मिले।

Share:

Next Post

चंबल में नेताओं का जमावड़ा

Thu Sep 10 , 2020
शिवराज और सिंधिया भिंड-मुरैना में करेंगे सभाएं भोपाल। प्रदेश में होने विधानसभा उपचुनाव से पहले ग्वालियर-चंबल में नेताओं का जमावड़ा शुरू हो गया है। कांग्रेस के आधा दर्जन से ज्यादा विधायक मुरैना, ग्वालियर एवं शिवपुरी जिले की उपचुनाव वाली विधानसभा सीटों पर डेरा डाले हुए हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और राज्यसभा […]