
उज्जैन। सिंहस्थ-2028 में श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम बनाने के लिए शहर में नए ब्रिजों का निर्माण किया जा रहा है। सोमवार को संभागायुक्त और कलेक्टर ने तीन निर्माणाधीन ब्रिजों का निरीक्षण कर इनका निर्माण सिंहस्थ से पहले करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता भी परखी और स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी काम तय समयसीमा में पूरे होने चाहिए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने लालपुर-मक्सी मार्ग पर अतिरिक्त रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी), उज्जैन-मक्सी मार्ग पर आईटीआई के सामने बन रहे टूलेन अतिरिक्त आरओबी और इंदौर रोड पर तपोभूमि से हामूखेड़ी मार्ग के बीच शिप्रा नदी पर बन रहे पुल का जायजा लिया। संभागायुक्त आशीष सिंह ने निर्माण एजेंसियों से प्रत्येक ब्रिज की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ के दौरान इन मार्गों पर श्रद्धालुओं और वाहनों का दबाव बढ़ेगा। ऐसे में ब्रिज निर्माण में देरी नहीं होनी चाहिए। सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के अनुसार पूरे किए जाएं। साथ ही गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाए।
सिंहस्थ के लिए अहम हैं तीनों निर्माण
शहर को आसपास के मार्गों से जोडऩे और यातायात का दबाव कम करने के लिहाज से ये तीनों ब्रिज महत्वपूर्ण हैं। सिंहस्थ से पहले इनका निर्माण पूरा होने से श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान होगी और प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved