इंदौर न्यूज़ (Indore News) बड़ी खबर मध्‍यप्रदेश

इंदौर से भाजपा के मिशन 2023 का आगाज करने आए नड्डा

भाजपाई हुआ शहर… नड्डा के लिए शहर सजा… प्रदेश के सभी बड़े नेता पहुंचे… मुख्यमंत्री शाम को आएंगे

इंदौर। पांच राज्यों के चुनाव परिणाम 10 मार्च को आएंगे, लेकिन उसके पहले ही भाजपा ने अगले साल 2023 में होने वाले पांच राज्यों के चुनाव को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं, जिसका आगाज राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा आज इंदौर से कर रहे हैं।

आज सुबह दिल्ली से एयरपोर्ट पहुंचे नड्डा का स्वागत मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, सहसंगठन मंत्री हितानंद शर्मा के साथ-साथ शहर अध्यक्ष गौरव रणदिवे और जिलाध्यक्ष राजेश सोनकर ने किया। एयरपोर्ट से नड्डा उज्जैन रवाना हो गए। शाम को वे देवास से इंदौर पहुंचेंगे और भाजपा कार्यालय में होने वाली बैठक में शामिल होंगे। बैठक के लिए कल रात से ही प्रदेश पदाधिकारी, मोर्चा पदाधिकारी और कोर कमेटी के सदस्य इंदौर पहुंच रहे हैं। प्रदेश के सभी बड़े कद्दावर नेता इस बैठक में शामिल होंगे। निगम-मंडल के अध्यक्षों के साथ-साथ भाजपा के स्थानीय नेताओं की परिचय बैठक भी होगी।  शाम 4 से 6 बजे के बीच भाजपा कार्यालय में होने वाली बैठक में संगठन की मजबूती, गुटबाजी रोकने और चुनाव के पहले की तैयारियों को लेकर चर्चा होगी, वहीं बूथ विस्तारक और समर्पण निधि की जानकारी भी राष्ट्रीय अध्यक्ष ले सकते हैं। बैठक के बाद वे सीधे एयरपोर्ट रवाना हो जाएंगे, जहां से वे दिल्ली रवाना होंगे।

झंडे की थीम पर कार्यालय सजाया

पूरा शहर आज भाजपामय हो रहा है, वहीं कार्यालय को भाजपा के झंडे की थीम पर सजाया गया है। कार्यालय के बाहर एक पैसेज बनाया गया है तो तल मंजिल पर नेताओं के साथ उनके सहायक और अन्य के बैठने की व्यवस्था की गई है। पहली मंजिल पर बनाए गए नए हॉल में बैठक होगी।

आते-जाते  निकलेगी स्वागत रैली

शाम को बैठक में शामिल होने के पहले भाजपा अध्यक्ष नड्डा एयरपोर्ट से पहले सुहास भगत के निवास, उसके बाद भाजपा कार्यालय पहुंचेंगे। इसी दौरान उनका स्वागत विभिन्न विधानसभा के नेताओं द्वारा किया जाएगा। उन्हें स्वागत रैली के रूप में लाया और ले जाया जाएगा। 

उज्जैन रोड पर ग्रामीण क्षेत्र का कब्जा

आज सुबह एयरपोर्ट पहुंचे नड्डा का स्वागत देपालपुर विधानसभा के कार्यकर्ताओं ने किया। सुपर कॉरिडोर से बांगड़दा चौराहे तक महू विधानसभा के कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया, उसके बाद लवकुश चौराहे तक दो नंबर विधानसभा के मंचों से नड्डा का स्वागत हुआ। यहां पूर्व पार्षद चंदू शिंदे और जीतू यादव बैंड-बाजे लेकर पहुंचे, जिस पर सुबह से देशभक्ति की धुनें बजाई जा रही थीं। विधायक रमेश मेंदोला भी सुबह से सभी मंचों पर घूमते रहे। इसके बाद उज्जैन रोड पर सांवेर विधानसभा के मंच लगे हुए थे। स्वागत  की कमान खुद मंत्री तुलसी सिलावट और जिलाध्यक्ष राजेश सोनकर ने संभाल रखी थी। कल देर रात तक शहरी क्षेत्रों के मंचों का जायजा लेने गौरव रणदिवे भी कार्यकर्ताओं के साथ रैली मार्ग पर घूमते रहे।

बैठक के लिए सजा भाजपा कार्यालय, जिन्हें बुलाया वही रहेंगे

भाजपा कार्यालय पर दोपहर से ही सख्ती रहेगी। हालांकि नड्डा शाम 5 बजे कार्यालय पहुंचेंगे। सामान्य लोगों के साथ-साथ उन भाजपा नेताओं को भी इंट्री नहीं दी जाएगी, जिन्हें नहीं बुलाया गया है। केवल उन्हीं पदाधिकारियों को अंदर आने-जाने दिया जाएगा, जिन्हें  काम सौंपे हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी परिचय बैठक के बाद बाहर कर दिया जाएगा।

इंदौरी नेताओं ने लगाए 300 से ज्यादा मंच

आज सुबह ग्रामीण के नेताओं ने शक्ति प्रदर्शन किया तो शाम को शहरी क्षेत्र के नेताओं को स्वागत की जवाबदारी दी गई है। करीब 300 से ज्यादा मंचों से नड्डा का एयरपोर्ट लौटते समय स्वागत किया जाएगा।

यूक्रेन से लौटै छात्र भी जताएंगे आभार

हाल ही में यूक्रेन से लौटे छात्रों का एक मंच  उज्जैन रोड पर  भाजपा की जिला इकाई द्वारा लगाया गया है। इस पर वे छात्र और उनके परिजन मौजूद थे, जिन्हें भारत सरकार के विशेष प्रयासों से स्वदेश लाया गया है।

Share:

Next Post

INDORE : पत्रकारिता की आड़ में रेप पीडि़ता को ठगा

Tue Mar 8 , 2022
आठ महीने पहले बेचते थे साडिय़ां… दो पर दर्ज हुई एफआईआर इंदौर।  पत्रकारिता (Journalism) और पुलिस (Police) का रौब दिखाकर एक रेप पीडि़ता (Rape Victim) की मदद के बहाने उससे रुपए ऐंठने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। परदेशीपुरा पुलिस (Pardeshipura Police) ने बताया कि 40 साल की […]