ढाका। बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय (Minority Hindu Community in Bangladesh) के खिलाफ बढ़ती घटनाओं को लेकर असंतोष अब सड़कों पर दिखाई देने लगा है। गैबांधा जिले के पलाशबाड़ी क्षेत्र (Palashbari area) में एक जुलूस के दौरान भगवान राम की तस्वीर का कथित अपमान किए जाने और ऐतिहासिक राधा-गोबिंद मंदिर में स्थापित राम प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने की धमकी के बाद हिंदू समुदाय में भारी नाराजगी फैल गई है। इस घटना के विरोध में राजधानी ढाका समेत देश के विभिन्न हिस्सों में हजारों लोग प्रदर्शन के लिए एकजुट हुए।
शुक्रवार रात शुरू हुए विरोध प्रदर्शनों ने शनिवार को व्यापक रूप ले लिया। ‘बांग्लादेश पूजा उद्जापन परिषद’ और ‘बांग्लादेश हिंदू बौद्ध ईसाई ओइक्या परिषद’ के नेतृत्व में ढाका स्थित नेशनल प्रेस क्लब के सामने बड़ी संख्या में लोगों ने रैली निकाली और मानव श्रृंखला बनाकर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि कट्टरपंथी और सांप्रदायिक तत्व जानबूझकर धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं और अल्पसंख्यकों को निशाना बनाया जा रहा है।
रैली के दौरान वक्ताओं ने सरकार और प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं पर समय रहते कार्रवाई नहीं होने से असामाजिक तत्वों का मनोबल बढ़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ तत्काल सख्त कदम नहीं उठाए गए और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
प्रदर्शन में शामिल लोगों ने भावुक स्वर में कहा कि हिंदू समुदाय इस देश का अभिन्न हिस्सा है और उसे बाहरी या पराया बताने की कोशिश स्वीकार नहीं की जाएगी। वक्ताओं ने कहा कि बांग्लादेश के निर्माण और विकास में अल्पसंख्यक समुदाय का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है तथा उन्होंने देश के लिए बलिदान दिए हैं।
हिंदू संगठनों के नेताओं ने कहा कि धार्मिक स्थलों और आस्थाओं पर हमले किसी भी सभ्य समाज के लिए चिंता का विषय हैं। उन्होंने सभी समुदायों के बीच सौहार्द बनाए रखने और नफरत फैलाने वाली ताकतों के खिलाफ एकजुट कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने दोहराया कि संविधान सभी नागरिकों को समान अधिकार देता है और सरकार की जिम्मेदारी है कि वह हर समुदाय की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करे।
संगठनों ने मांग की कि अल्पसंख्यकों पर हो रहे हमलों को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं, अन्यथा देशभर में विरोध प्रदर्शन और तेज किए जाएंगे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved