
नई दिल्ली। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की संसदीय दल की बैठक ‘मंगल मिलन’ मंगलवार आयोजित की जाएगी। इसको लेकर भाजपा संसदीय दल की ओर से एक पत्र जारी किया गया है। भाजपा संसदीय दल की ओर से जारी पत्र में कहा गया है, ‘राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन संसदीय दल की बैठक, ‘मंगल-मिलन,’ 4 अगस्त (मंगलवार) को सुबह 9.30 बजे संसद भवन ग्रन्थालय के जी. एम. सी. बालायोगी सभागृह में आयोजित की जाएगी। राजग के सभी लोकसभा एवं राज्यसभा के माननीय सदस्यों से अनुरोध है कि कृपया समय से पूर्व कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर अपनी गरिमामयी उपस्थिति प्रदान करने का कष्ट करें।’
21 जुलाई को ‘मंगल मिलन’ के तहत पहली बैठक आयोजित की गई थी। परंपरागत रूप से संसद के प्रत्येक सत्र के दौरान एनडीए संसदीय दल की बैठक हर मंगलवार को आयोजित होती रही है। हालांकि इस बार इसे ‘मंगल मिलन’ नाम दिया गया है। गठबंधन का कहना है कि इस नए नाम के जरिए नियमित संसदीय बैठकों को सांस्कृतिक और संगठनात्मक पहचान देने का प्रयास किया गया। 28 जुलाई को भी ‘मंगल मिलन’ बैठक हुआ था। इस बैठक में पहली बार, तृणमूल कांग्रेस के पूर्व बागी नेता और अब एनसीपीआई सांसद शामिल हुए थे। एनसीपीआई सांसद काकोली घोष, शताब्दी रॉय और सायनी घोष भी इस बैठक में शामिल हुईं। ये सभी पहले तृणमूल कांग्रेस में थीं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved