देश मनोरंजन

अब अक्षय कुमार के पीछे शिवसेना, जानिए क्या है मामला

  • सामना में बॉलीवुड पर निशाना
  • सामना में कंगना रनौत को फिर बनाया निशाना
  • कंगना विवाद में बॉलीवुड की चुप्पी से नाराज

मुंबई। शिवसेना ने अपने मुखपत्र सामना के जरिए एक बार फिर कंगना रनौत पर जमकर निशाना साधा है। एक्ट्रेस पर मुंबई के अपमान का आरोप लगाया गया है। कहा गया है कि कंगना ने मुंबई पुलिस की तुलना बाबर से की, शहर को पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर बताया, लेकिन फिर भी बॉलीवुड का एक तबका इस पर चुप्पी साधे बैठा रहा। उस तबके ने ये एक बार भी स्पष्ट नहीं किया कि कंगना के विचार पूरे बॉलीवुड के विचार नहीं है।
सामना में एक्टर अक्षय कुमार पर भी तंज कसा गया है। लिखा गया है कि अक्षय कुमार को मुंबई ने काफी कुछ दिया है। उन्होंने इस सपनों के शहर में अपार सफलता पाई है, लेकिन फिर भी उन्होंने कंगना के खिलाफ एक शब्द नहीं बोला। मुंबई का अपमान होता रहा लेकिन उन्होंने इसका विरोध नहीं किया। वे लिखते हैं- संपूर्ण नहीं, कम-से-कम आधे हिंदी फिल्म जगत को तो मुंबई के अपमान के विरोध में आगे आना ही चाहिए था। कंगना का मत पूरे फिल्म जगत का मत नहीं है, ऐसा कहना चाहिए था। कम-से-कम अक्षय कुमार आदि बड़े कलाकारों को तो सामने आना ही चाहिए था।
शिवसेना ने कंगना विवाद के बहाने पूरे बॉलीवुड पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। उनके मुताबिक जब भी मुंबई का अपमान होता है, कोई इस शहर का बलात्कार करता है, तब ये सितारे गर्दन झुका बैठ जाते हैं। वे उस अपमान के खिलाफ एक शब्द नहीं बोलते हैं। लेख में लिखा है- दुनियाभर के रईसों के घर मुंबई में हैं। मुंबई का जब अपमान होता है ये सब गर्दन झुकाकर बैठ जाते हैं। मुंबई का महत्व सिर्फ दोहन व पैसा कमाने के लिए ही है। फिर मुंबई पर कोई प्रतिदिन बलात्कार करे तो भी चलेगा। इन सभी को एक बात ध्यान रखनी चाहिए कि ‘ठाकरे’ के हाथ में महाराष्ट्र की कमान है। इसलिए सड़क पर उतरकर भूमिपुत्रों के स्वाभिमान के लिए राड़ा वगैरह करने की आवश्यकता आज नहीं है।
वहीं इस लेख में कंगना के हर बयान पर निशाना साधा गया है। जब बीएमसी ने उनके ऑफिस में तोड़फोड़ की थी, तब कंगना ने इसे राम मंदिर से जोड़ दिया था। अब सामना के जरिए इसे सिर्फ और सिर्फ कंगना का एक ड्रामा बताया गया है। उन्हें उनका पाकिस्तान वाला बयान बार-बार याद दिलाया जा रहा है। अब सामना के इस लेख के जरिए बॉलीवुड पर भी उंगली उठा दी गई है, ऐसे में एक और आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू होता दिख सकता है।

Share:

Next Post

रिया चक्रवर्ती के समर्थन में उतरी बंगाल कांग्रेस, राजनीतिक षड्यंत्र बर्दाश्त नहीं

Sun Sep 13 , 2020
पश्चिम बंगाल में कांग्रेस पार्टी ने बॉलीवुड अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती के समर्थन में शनिवार को कोलकाता में एक रैली निकाली और अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत से जुड़े ड्रग्स से संबंधित मामले में अभिनेत्री के कथित उत्पीड़न का विरोध किया। रैली में 100 के करीब पार्टी कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। इस रैली का आयोजन […]