ब्‍लॉगर

अब चीन-पाक की आंखों में आंख डालकर देख रहा भारत

– आर.के. सिन्हा

भारत की चीन और पाकिस्तान से लगने वाली सीमा पर जब कई महीने से तनाव बरकरार है, तब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का दिवाली पर देश की सीमाओं की रखवाली करने वाले जवानों के साथ रहना अत्यंत महत्वपूर्ण है। वे पिछले कई वर्षों से देश के जवानों के साथ ही दीपोत्सव मनाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी दिवाली तभी पूर्ण होती है जब वह जवानों के साथ होते हैं, चाहे बर्फ से ढंके पहाड़ हों या रेगिस्तान। इसबार प्रधानमंत्री ने साफ संकेतों में चीन और पाकिस्तान को सॅंयुक्त रूप से यह बता दिया कि “आज का भारत समझ और पारस्परिक अस्तित्व में विश्वास जरूर रखता है लेकिन अगर हमारे धैर्य की परीक्षा ली जाएगी तो हम उसी भाषा में बराबरी से जवाब देंगे।” कहना न होगा कि उनका संदेश बीजिंग से लेकर इस्लामाबाद तक चला गया।

भारत अपने इन चिर शत्रुओं से सरहद पर प्रतिदिन लोहा ले रहा है। लेकिन, भारत को अपने इन दुष्ट पड़ोसी मुल्कों की नापाक हरकतों का मुकाबला करने के लिए हर वक्त चौकस और तैयार रहना होगा। ये दोनों दुश्मन एक-दूसरे के घनिष्ठ मित्र भी बन गये दिखते हैं। कम से कम ऊपर से देखने में तो यही लगता है। वैसे, कूटनीति में कोई देश किसी का स्थायी मित्र या शत्रु नहीं होता। अगर भारत का चीन के साथ युद्ध हुआ तो क्या पाकिस्तान भी मैदान में खुलकर आएगा चीन के साथ? इसी तरह अगर पाकिस्तान का भारत के साथ युद्ध हुआ तो क्या चीन भी अपने मित्र देश पाकिस्तान के हक में लड़ेगा? यह अहम प्रश्न है जिसका उत्तर सभी जानना चाहते हैं। इसी पृष्ठभूमि में प्रधानमंत्री मोदी का सैनिकों के बीच जाकर चीन-पाकिस्तान को ललकारने का कुछ मतलब तो जरूर है।

दरअसल चीन-पाकिस्तान ने भारत के किसी शिखर नेता का इस तरह का विश्वास से लबरेज स्वर अभीतक नहीं सुना था। माफ करें, पर अबतक का सच तो यही है कि भारत के तमाम हुक्मरान अभीतक सिर्फ शांति और सद्भाव की बातें करते थे और आह्वान करते रहते थे। पर मोदी जी ने उस परंपरा को तोड़ा है। वे उस भारत के प्रधानमंत्री है, जो अपने मित्र देशों को गले लगाने के लिए हर वक्त तैयार है और शत्रु देशों की आंखों में आंखें डालकर बात करने में भी कोई हिचक नहीं है। भारत इसबार चीन और पाकिस्तान की कमर सदा के लिये तोड़ने के मूड में दिख रहा है। बेहतर यही होगा कि दोनों शत्रु देश यह जान लें कि गांधी, बुद्ध और महावीर का अहिंसक भारत, पराक्रमी सम्राट अर्जुन, कर्ण, छत्रपति शिवाजी और महाराणा प्रताप को भी अपना नायक मानता है। निश्चित रूप से भारत अपने राष्ट्रीय हितों से किसी तरह का समझौता करने वाला नहीं है। ऐसा भारत के वर्तमान सरकार की बढ़ती सैन्य क्षमता और दृढ़ता से ही संभव हुआ है।

भारत आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने आप को मजबूती से रख पाता है तो सिर्फ इसलिए क्योंकि भारत के सशस्त्र सैन्य बलों ने सुरक्षा का वातावरण बनाया है। भारत की सैन्य शक्ति के चलते ही आज भारत किसी के साथ आमने-सामने की बातचीत करने में सक्षम हुआ है। आज भारत आतंकवाद को पनाह देने वालों को उनके घर में घुसकर सबक सिखाता है। भारत को अब किसी भी देश से दबकर रहने की जरूरत नहीं है।

चीन ने किया पंचशील को बेमानी
भारत ने बहुत समय तक दोस्ती और प्रेम की भाषा में बात कर ली चीन और पाकिस्तान से। हमने ही चीन के साथ अपने संबंधों को पंचशील की बुनियाद पर खड़ा किया था। हालांकि पंचशील शब्द आज की स्थिति में बेमानी है। चीन ने पंचशील के सिद्धांत पर कभी अमल नहीं किया। पंचशील शब्द मूलतः बौद्ध साहित्य व दर्शन से जुड़ा शब्द है। चौथी-पाँचवीं शताब्दी के बौद्ध दार्शनिक बुद्धघोष की पुस्तक “विशुद्धमाग्गो” में “पंचशील” मतलब, पाँच व्यवहार की विस्तृत चर्चा है जिसपर बौद्ध उपासकों को अनुसरण करने की हिदायत दी गई है। पंचशील में शामिल सिद्धांत थे राष्ट्रवाद, मानवतावाद, स्वाधीनता, सामाजिक न्याय और ईश्वर आस्था की स्वतंत्रता।

सवाल यह है कि बौद्ध दर्शन के इतिहास से अंतर्राष्ट्रीय कूटनीति में पंचशील कैसे आया? 29 जून 1954 को तिब्बत के मसले पर नयी दिल्ली में भारत और चीन के बीच समझौता हुआ था। इस समझौते में भारत और चीन के संबंधों तथा अन्य देशों के साथ पारस्परिक संबंधों में भी शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व के पाँच आधारभूत सिद्धांतों का प्रतिपादन किया गया। इन्हीं पाँच सिद्धांतों का नाम “पंचशील” रखा गया जो इस बात पर जोर देता था कि सभी राष्ट्र एक-दूसरे की संप्रभुता एवं प्रादेशिक अखंडता का सम्मान करेंगे। जाहिर है, इस शब्द का अर्थ गहरा है। पर धूर्त चीन की हरकतों से साफ है कि वह पंचशील के मूल्यों और सिद्धातों से बहुत दूर जा चुका है। वह सामान्य पड़ोसी धर्म का निर्वाह तक करना भूल गया है।

बहरहाल, भारत विस्तारवादी सोचवाली ताकतों का मुकाबला करने के मामले में मजबूत आवाज बनकर उभरा है। प्रधानमंत्री मोदी ने भी जवानों के सामने कहा कि विस्तारवाद 18वीं सदी की प्रवृत्ति का प्रतीक है और इस मानसिक विकार से वर्तमान में समूचा विश्व परेशान है। मोदी जी ने जवानों को संबोधित करते हुए प्रसिद्ध लोंगेवाला की लड़ाई को याद करके बहुत अच्छा किया। साल 1971 की जंग में भारत के लोंगेवाला पोस्ट पर तैनात 120 भारतीय सैनिकों ने दर्जनों टैंकों के साथ आए हजारों पाकिस्तानी सैनिकों को धूल में मिलाया था।

लोंगेवाला पोस्ट पंजाब रेजिमेंट की 23वीं बटालियन के पास थी। उसके कमांडर थे मेजर कुलदीप सिंह चांदपुरी। पाकिस्तान की योजना थी कि लोंगेवाला में बेस बनाया जाए क्योंकि वहां तक सड़क आती थी। इसके बाद पाकिस्तान की जैसलमेर को कब्जा करने की भी नापाक योजना थी। लोगेवाल में जिस तरह से हमारे वीर सैनिक लड़े थे उसपर सारा देश आजतक गर्व करता है। उस लड़ाई को भारतीय सेना के इतिहास में स्वर्णाक्षरों में लिखा जाता रहेगा।

इसमें कोई शक नहीं है कि मोदी जी का जवानों के बीच में जाने और संबोधित करने से चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान को अच्छी तरह पता चल गया होगा कि भारत से जंग का दुस्साहस किया तो इसबार कसकर मार पड़ेगी। चीन से तो वैसे भी बदला लेना है 1962 का। कोई अगर हमें छेड़ेगा तो इसबार हम उसे छोड़ेंगे नहीं। अबकी बार दुश्मन को उसी के घर में घुसकर मारने की तैयारी भारतीय सेना ने कर ली है।

(लेखक वरिष्ठ संपादक, स्तंभकार और पूर्व सांसद हैं।)

Share:

Next Post

बढ़त के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, सेंसेक्‍स 315 अंक उछला

Tue Nov 17 , 2020
मुम्बई। कारोबारी सप्ताह के पहले दिन घरेलू शेयर बाजार के दोनों प्रमुख सूचकांक बढ़त के साथ बंद हुए। शेयर बाजार में मंगलवार को रिकॉर्ड तेजी का सिलसिला जारी रहा। कारोबार के दौरान आज सुबह शेयर बाजार का सेंसेक्स 44,000 के पार निकल गया था, जबकि निफ्टी में भी करीब 100 अंकों की तेजी रही। कारोबार […]