भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

अब दिल्ली से तय होगा नया ट्रांसपोर्ट कमिश्नर

  • राज्य सरकार ने देर रात मधुकुमार को पीएचक्यू भेजा

भोपाल। राज्य शासन ने परिवहन आयुक्त वी मुधकुमार का कथित वीडियो वायरल होने के बाद देर रात हटाकर पुलिस मुख्यालय पदस्थ कर दिया है। अब नए परिवहन आयुक्त का फैसला आज-कल में हो सकता है। नया परिवहन आयुक्त कौन होगा, इसका निर्णय दिल्ली की सहमति से ही होगा। क्योंकि परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कुछ अफसरों के नाम पर वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया को भेजे हैं। गोविंद सिंह भी कमलनाथ सरकार में वी मधुकुमार को हटवाना चाहते थे।
परिवहन आयुक्त वी मधुकुमार का सरकारी गेस्ट हाउस में अधीनस्त पुलिस अफसरों से लिफाफे लेते वीडियो शनिवार को वायरल हुआ था। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि लिफाफे में क्या है। यह वीडियो तब का बताया जा रहा है, जब मधुकुमार उज्जैन रेंज के आइजी थे। पांच मिनट का यह वीडियो गुप्त कैमरे से बनाया गया है। वीडियो के संबंध में मधुकुमार की ओर से कहा गया है कि वे अधीनस्त पुलिस अफसरों से जांच रिपोर्ट बंद लिफाफे में ले रहे हैं। वीडियो ऐसे समय में वायरल हुआ है, जब प्रदेश में सरकार बदलने के बाद परिवहन आयुक्त को भी बदलने की चर्चा है। पिछले कुछ दिनों से परिवहन आयुक्त के लिए अन्य अफसरों के नाम तेजी से चले थे। इस बीच मधु कुमार से जुड़ा वीडियो शनिवार दोपहर को वायरल होता है और राज्य सरकार देर रात उन्हें परिवहन आयुक्त की कुर्सी से चलता कर देती है। हालांकि अभी तक किसी अन्य अफसरों को पदस्थ नहीं किया है। संभवत: आज-कल में इसके आदेश जारी हो जाएंगे।

कभी पीएचक्यु में नहीं रहे मधु कुमार
एडीजी मधुकुमार मप्र पुलिस के वरिष्ठ आईपीएस अफसरों में से इकलौते अफसर हैं, जो कभी पुलिस मुख्यालय पदस्थ नहीं रहे है। वे एसपी, डीआईजी, आईजी, लोकायुक्त, एवं परिवहन आयुक्त जैसे पदों पर रहे हैं। भाजपा की 15 साल की सरकार में भी वे कभी पुलिस मुख्यालय में नहीं रहे। इस दौरान उन पर भ्रष्टाचार या फिर लेनदेन का किसी तरह का कोई आरोप भी नहीं लगा। न ही उनके खिलाफ किसी तरह की जांच लंबित है। भाजपा की पिछली सरकार में उन्हें चहेता अफसर माना जाता था।

पहले से ही हटाने के पक्ष में थे मंत्री
वीडियो वायरल होने से पहले भी परिवहन आयुक्त वी मध्ुाकुमार को परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत हटाना चाहते थे। राजपूत के पास कमलनाथ सरकार में भी परिवहन एवं राजस्व विभाग था। बताया गया कि कांगे्रस शासनकाल में वी मधुकुमार की परिवहन आयुक्त के लिए पदस्थापना पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की सिफारिश पर की गई थे। कांग्रेस सरकार में मंत्री रहते थी राजपूत ने मधुकुमार की शिकायत मुख्यमंत्री कमलनाथ से की थी, लेकिन तब उन्हें नहीं हटाया गया था। भाजपा सरकार में गोविंद सिंह राजपूत को पिछले हफते ही परिवहन विभाग मिला है। अब नया परिवहन आयुक्त उनकी पसंद का ही होगा।

Share:

Next Post

जबलपुर आरएसएस मुख्यालय में मिले एक दर्जन कोरोना पॉजिटिव

Sun Jul 19 , 2020
जबलपुर। मध्यप्रदेश में कोरोना वायरस के मामले कम होने के नाम नहीं ले रहे हैं। यहां पर आए दिन सैकड़ों मामले सामने आ रहे हैं। इसी बीच खबर है कि जबलपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यालय केशव कुटी में भी कोरोना वायरस की एंट्री हो गई है। रविवार को आई रिपोर्ट में आरएसएस के […]