उज्‍जैन न्यूज़ (Ujjain News)

औसतन 6 वाहन चालकों के आरटीओ रोजाना कर रहा पंजीयन निरस्त

  • 400 से ज्यादा लोग रोज कर रहे ट्राफिक सिग्नल का उल्लंघन
  • अब तक 3 हजार से ज्यादा वाहनों के रजिस्ट्रेशन हुए रद्द

उज्जैन। शहर के प्रमुख चौराहों पर लगे स्मार्ट ट्रेफिक सिग्नल के कैमरे रोजाना करीब 400 से अधिक वाहन चालकों को यातायात के नियम तोड़ते कैद कर रहे हैं। पिछले साल तक ऐसे लोगों की संख्या प्रतिदिन 300 के आसपास थी अब यह और बढ़ गई है। नियम तोडऩे वाले लोगों के आरटीओ द्वारा वाहन रजिस्ट्रेशन निरस्त किए जा रहे हैं। एक दिन में लगभग 6 वाहनों के पंजीयन निरस्त हो रहे हैं। उल्लेखनीय है कि शहर के 16 प्रमुख चौराहों पर दो साल पहले स्मार्ट सिटी कंपनी द्वारा इंटीग्रेटेड ट्राफिक सिस्टम सिग्नल लगवाए गए थे। यहाँ लगे आधुनिक सीसीटीवी कैमरों और स्पीड गवर्नर पर निगरानी के लिए स्मार्ट सिटी कार्यालय में कंट्रोल रूम भी बना हुआ है, वहीं से 24 घंटे 16 चौराहों पर सतत मॉनीटरिंग की जाती है। इसकी शुरुआत लगभग 16 माह पहले जनवरी 2021 में हो गई थी। उसके बाद से ही स्मार्ट सिटी कंपनी द्वारा कंट्रोल रूम की स्क्रीन पर नियम तोड़ते कैमरों में कैद हो रहे वाहन चालकों को ई-चालान भेजे जा रहे हैं। नियम तोडऩे वालों के लिए 500 रुपए की राशि का ई-चालान भेजा जाता है।



स्मार्ट सिटी कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक तब से लेकर अभी तक लगभग 87 हजार ई-चालान नियम तोडऩे वाले वाहन चालकों के बनाए जा चुके हैं। पिछले साल के अंत तक इन चौराहों पर औसतन रोजाना 300 से 325 लोग नियम तोड़ते कैमरों में कैद हो रहे थे लेकिन अब यह आंकड़ा रोजाना 400 से ऊपर पहुँच गया है। नियम तोडऩे वाले लोगों को ई-चालान जारी होने के 15 दिन के अंदर जुर्माने की राशि जमा करना होती है। जो लोग समय-सीमा में जुर्माना जमा नहीं करते उनकी सूची आरटीओ को भेजी जाती है। इस बारे में आरटीओ संतोष मालवीय ने बताया कि स्मार्ट सिटी के ट्राफिक कंट्रोल रूम से प्राप्त जानकारी के आधार पर पिछले साल जनवरी से लेकर इस साल अभी तक लगभग 16 महीने की अवधि में 3 हजार से अधिक वाहनों के पंजीयन निरस्त कर दिए गए हैं। जब तक यह लोग जुर्माना नहीं भरेंगे तब तक इनके रजिस्ट्रेशन फिर से बहाल नहीं होंगे। ऐसे में पिछले 16 महीनों की अवधि अर्थात 485 दिनों में 3 हजार लोगों के वाहनों के रजिस्ट्रेशन निरस्त हो चुके हैं। इसका मतलब यह है कि आरटीओ द्वारा अभी तक औसतन 6 वाहनों के रजिस्ट्रेशन यातायात के नियम तोडऩे के बाद जुर्माना नहीं भरने के कारण रद्द किए जा रहे हैं।

120 सेकंड का इंतजार, 15 सेकंड में खत्म
इधर शहर के नागरिकों का कहना है कि वे भी शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए ट्राफिक नियमों का पालन नियमानुसार करना चाहते हैं लेकिन शहर के प्रमुख चौराहों पर जहाँ नया ट्राफिक सिस्टम लगा है, वहाँ सिग्नलों का टाईम टेबल ठीक से सेट नहीं हैं। अधिकांश चौराहों पर रेड लाईट 120 सेकंड तक चालू रहती है, वहीं इतना इंतजार करने के बाद वाहन चालकों को सिग्नल क्रास करने के लिए ग्रीन लाईट सिर्फ 15 सेकंड के लिए मिलती है। ऐसे में नहीं चाहकर भी लोग चौराहा क्रास करते वक्त नियम तोड़ते हुए समय कम होने के कारण कैमरों में कैद हो जाते हैं।

Share:

Next Post

रूस ने यूक्रेन को दिया हथियार डालने का मौका

Thu Apr 21 , 2022
मॉस्को/ वाशिंगटन/ कीव। रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध (Ongoing war between Russia and Ukraine) को 56 दिन हो गए हैं। दोनों देश एक दूसरे को लगातार चुनौती दे रहे हैं। लगातार आक्रामक हो रहे रूस ने यूक्रेन को हथियार (Russia arms Ukraine) डालने का एक मौका देते हुए आगे की कार्रवाई रोकने […]