
पटना: राजधानी पटना के मनेर स्थित पोस्ट ऑफिस और पासपोर्ट सेवा केंद्र को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. धमकी ई-मेल के जरिए भेजी गई, जिसके बाद प्रशासन और पुलिस महकमा अलर्ट मोड में आ गया. एहतियात के तौर पर पोस्ट ऑफिस और पासपोर्ट सेवा केंद्र को तत्काल खाली करा दिया गया. सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया.
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मनेर पोस्ट ऑफिस के आधिकारिक ई-मेल पर बम से उड़ाने की धमकी वाला संदेश प्राप्त हुआ. ई-मेल मिलते ही इसकी सूचना स्थानीय पुलिस और वरीय अधिकारियों को दी गई. इसके बाद पुलिस ने तत्काल सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाते हुए पूरे परिसर की जांच शुरू कर दी.
धमकी के बाद किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचने के लिए पोस्ट ऑफिस और उसी परिसर में संचालित पासपोर्ट सेवा केंद्र को खाली करा दिया गया. वहां मौजूद कर्मचारियों और आम लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. पुलिस ने पूरे परिसर को अपने कब्जे में लेकर जांच अभियान शुरू कर दिया.
मौके पर पहुंची पुलिस टीम पूरे परिसर की गहन तलाशी ले रही है. साथ ही धमकी भरे ई-मेल की तकनीकी जांच भी शुरू कर दी गई है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ई-मेल किस आईडी से भेजा गया और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं. फिलहाल पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है. सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और जांच पूरी होने तक पूरे परिसर की निगरानी जारी रहेगी.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved