भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

संगठन ही हमारा सबसे बड़ा हथियार

  • भाजपा के दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में विधायकों को सीख

भोपाल। महाकाल की नगरी में दो दिनों तक चले प्रशिक्षण वर्ग में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने विधायकों को कई सीख दी। प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने यह भी स्पष्ट कर दिया कि संगठन ही हमारा सबसे बड़ा हथियार है। संगठन से बहुत सारी समस्याओं का समाधान होता है। जिस विचार के कारण जनता हमारा समर्थन करती है, हमें उस विचार को अपने व्यवहार में उतारना होगा। सत्र को दूसरे दिन केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने भी संबोधित किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव समेत अन्य नेता मौजूद रहे। विधायकों और प्रदेश पदाधिकारियों के साथ चर्चा में यह तय हुआ कि मप्र भाजपा को देश में नंबर बनाना है। ‘पार्टी विथ डिफरेंसÓ की पहचान कायम रखनी है।

कार्यकर्ता का सम्मान करें
सीएम चौहान ने कहा भाजपा का कार्यकर्ता बड़े लक्ष्य के लिए बना है। इसलिए विधायकों को इस बात का हमेशा ध्यान रखना चाहिए कि जो कार्यकर्ता विचार के लिए लड़ता है और आपको विधायक बनाने के लिए संघर्ष करता है, उसके प्रति स्नेह और सम्मान में कोई कमी न आए। कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग सफल रहा। हमने सोशल मीडिया के बारे में बहुत कुछ सीखा। सोशल मीडिया जनता तक पहुंचने का सबसे तेज और बेहतरीन जरिया है। इससे हम अपने विचारों को जनता के बीच पहुंचा सकते हैं।

मप्र का पार्टी संगठन देश का रोल मॉडल बनेगा
प्रशिक्षण वर्ग के बाद प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने मीडिया से कहा – मप्र के राजनीतिक, सामाजिक और राष्ट्रीय परिदृश्य पर चर्चा हुई। सभी लोगों ने मिलकर एक संकल्प लिया है कि मप्र का पार्टी संगठन देश का रोल मॉडल बनेगा। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हमारे शब्दकोष में असंभव शब्द नहीं होना चाहिए। विधायक सरकार की योजनाओं और प्रक्रियाओं का अध्ययन करें। 16 फरवरी को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मप्र के सवा लाख लोगों को प्रधानमंत्री आवास वितरित करेंगे। सभी विधायक कार्यक्रम में उपस्थिति सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी इसका जिक्र किया कि आपस में एक-दूसरे की शिकायतें बंद करें। कांग्रेस की शिकायतों का अंबार लगाएं।

वैचारिक प्रतिबद्धता ही हमारी पहचान
कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि विचार के प्रति प्रतिबद्धता ही हमारी पहचान है। छह साल में मोदी सरकार पर एक भी आरोप नहीं है। राव ने कहा कि विधायक, सत्ता और संगठन एक त्रिशूल की तरह काम करें, इसके लिए हमें कार्यप्रणाली बनाने की आवश्यकता है। जनप्रतिनिधि छवि ठीक रखें। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने तमाम पार्टी विधायकों को साफ कर दिया है कि संगठन से ही सत्ता में पद मिलता है। सीधे सत्ता नहीं मिलती, इसलिए विधायक संगठन-कार्यकर्ता को प्राथमिकता में रखें।

समय प्रबंधन सीखें
मुख्यमंत्री ने कहा कि कॉल सबके रीसिव करें, मगर इसका समय निश्चित कर लें। कब किससे मिलना है, यह भी तय करें। समय प्रबंधन सीखें। अपनी सेहत का ध्यान रखें। सीएम ने घोषणा की कि विधानसभा के बजट सत्र के बाद वे सभी विधायकों और उनके स्वजनों के साथ चार दिन छुट्टी मनाने जाएंगे।

Share:

Next Post

Maharashtra : नागपुर जेल के 10 कैदी Corona positive

Sun Feb 14 , 2021
मुंबई । नागपुर स्थित मध्यवर्ती कारागार में 10 कैदी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें माओवादी गतिविधियों में संलिप्त दिल्ली विद्यापीठ के पूर्व प्रोफेसर जी.एन.साईबाबा भी शामिल हैं। इन सभी का उपचार जारी है। जेल अधीक्षक अनुप कुमार कुमरे के अनुसार जेल में 10 कैदियों की कोरोना टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें से मुंबई […]